29.1 C
Raipur
Thursday, October 16, 2025

छत्तीसगढ़ में बड़ा नक्सल सरेंडर जल्द, आत्मसमर्पण करने माड़ डिवीजन के नक्सली जंगल से रवाना, 130 नक्सली डालेंगे हथियार…

BIJAPUR. न्यूजअप इंडिया.कॉम
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में जल्द ही देश का सबसे बड़ा नक्सल सरेंडर होने की खबर है। जगदलपुर में मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की मौजूदगी में नक्सली सरेंडर करेंगे। गुरुवार को बीजापुर जिले से नक्सल प्रवक्ता और DKSZC नेता रूपेश उर्फ सतीश उर्फ आसन्ना अपने 130 साथियों के साथ भैरमगढ़ पहुंचकर फोर्स के सामने सरेंडर करेगा, लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा बस्तर के कार्यक्रम में होगी। इससे पहले महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में नक्सलियों ने हथियार छोड़ा था और CM देवेंद्र फणडवीस की मौजूदगी में सरेंडर की प्रक्रिया पूरी कराई गई, उसी तरह बस्तर में भी बड़ा कार्यक्रम होगा।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक नक्सलियों की पूरी माड़ डिवीजन की टीम 70 से ज्यादा हथियारों के साथ इंद्रावती नदी के पार से भैरमगढ़ पहुंचेगी। माओवादी रूपेश ने ही कुछ दिनों पहले प्रेस नोट जारी कर शांति वार्ता के लिए केंद्र सरकार से नक्सल विरोधी अभियान को 6 महीनों के लिए रोकने का आग्रह किया था। रूपेश समेत समर्पण करने वाले 130 नक्सलियों को लाने के लिए बीजापुर पुलिस ने पूरी तैयारियां कर रखी है।

जंगल से भैरमगढ़ तक चाक चौबंद सुरक्षा
सूत्रों के मुताबिक बस्तर आईजी सुंदरराज पी सहित पुलिस विभाग और फोर्स की मौजूदगी में नक्सलियों का जत्था सरेंडर करने पहुंच रहा है। इन नक्सलियों को इंद्रावती नदी से भैरमगढ़ तक चाक चौबंद सुरक्षा के बीच लाया जा रहा है। सभी नक्सली हथियार छोड़कर मुख्य धारा में लौटेंगे। इससे एक दिन पहले कांकेर जिले के BSF कैंप कामतेड़ा में 50 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। दो बसों में नक्सली सरेंडर करने आए। जवानों की सुरक्षा के बीच नक्सलियों को लगाया गया है। इसी दिन सुकमा जिले में 27 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। अब गुरुवार को बड़े संख्या में नक्सली आ रहे हैं।

‘सशस्त्र नक्सली सरेंडर करने आ रहे’
छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बड़ी संख्या में नक्सली सरेंडर करेंगे। सीएम की मौजूदगी में बस्तर में बड़ा कार्यक्रम होगा। पुनर्वास करने वाले नक्सलियों का रेड कार्पेट बिछाकर स्वागत किया जा रहा है। भारी संख्या में शस्त्र नक्सली मुख्य धारा में शामिल होने, सरेंडर करने आ रहे हैं। शर्मा ने कहा कि अभी कांकेर और माड़ क्षेत्र नक्सल मुक्त होने की ओर है। बस्तर की जनता लाल आतंक नहीं चाहती है। विजय शर्मा ने कहा कि नारायणपुर भी अभी काफी हद तक मुक्त हो गया है। सुकमा में नक्सली खत्म हो रहे हैं। अभी सिर्फ बीजापुर बचा है, वो भी जल्द मुक्त हो जाएगा।

138 के सरेंडर से संगठन को झटका
पिछले 48 घंटे में महाराष्ट्र से लेकर छत्तीसगढ़ तक 138 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। सबसे बड़ा सरेंडर महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में हुआ, जहां नक्सल लीडर सोनू दादा ऊर्फ भूपति ने अपने 61 साथियों के साथ सरेंडर कर दिया। सोनू दादा के सरेंडर करते ही सुकमा में भी 27 नक्सलियों ने प्रशासन के सामने हथियार डाल दिए। वहीं कोंडागांव में पूर्वी डिवीजन की टेलर कमाण्डर और 5 लाख की इनामी महिला नक्सली ने सरेंडर किया। इसके बाद कांकेर में 50 नक्सलियों ने सरेंडर किया। हाल में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि 31 मार्च, 2026 तक देश नक्सलमुक्त हो जाएगा।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here