रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 53 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने जगदलपुर से पूर्व महापौर जतिन जायसवाल को प्रत्याशी बनाया है। जतिन जायसवाल को उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव का करीबी माना जाता है। भाजपा ने भी जगदलपुर से अपने पूर्व महापौर किरण देव को प्रत्याशी बनाया है। यह अनारक्षित सीट है। जगदलपुर सीट से दो पूर्व महापौर के बीच चुनावी जंग होगी। कांग्रेस ने इससे पहले 30 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। अब तक कुल 83 उम्मीदवार के नाम सामने आ चुके हैं। कांग्रेस की पहली सूची में 10 विधायकों का टिकट काट दिया गया है।
कांग्रेस ने अपनी दूसरी लिस्ट में दुर्ग शहर से अपने कद्दावर नेता मोतीलाल वोरा के बेटे अरुण वोरा को मैदान में उतारा है। इस लिस्ट में आए 53 उम्मीदवारों के नामों के साथ, कांग्रेस की ओर से घोषित उम्मीदवारों की संख्या 83 हो गई है। सूबे में विधानसभा की 90 सीटें हैं। पार्टी ने मौजूदा विधायक विकास उपाध्याय को रायपुर शहर पश्चिम विधानसभा सीट, सत्यनारायण शर्मा के बेटे पंकज शर्मा को रायपुर ग्रामीण से जबकि महंत राम सुंदर दास को रायपुर दक्षिण विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है। भिलाई से देवेंद्र यादव को मौका दिया गया है। अहिवारा सीट से भिलाई-चरौदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे को टिकट दिया गया है। वैशालीनगर से नया चेहरा मुकेश चंद्राकर चुनाव लड़ेंगे। सरगुजा संभाग से कई विधायकों का टिकट काटा गया है।
कांग्रेस ने बिलासपुर से शैलेश पांडे को मौका दिया है। विधायक अरुण वोरा को दुर्ग शहर से दोबारा उम्मीदवार बनाया गया है। उनके पिता मोतीलाल वोरा संयुक्त मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। धरसींवा से पूर्व सांसद छाया वर्मा को टिकट दिया गया है। राजिम से अमितेष शुक्ला, अभनपुर से धनेंद्र साहू, संजारी बालोद से वर्तमान विधायक संगीता सिन्हा, गुंडरदेही से कुंवर सिंह निषाद को टिकट दिया है। कांग्रेस पार्टी ने सात विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के नामों को होल्ड रखा है। इससे पहले कांग्रेस ने 15 अक्टूबर को अपनी पहली लिस्ट में 30 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा के लिए सूबे में दो चरणों (7 और 17 नवंबर) में चुनाव होंगे। वोटों की गिनती चार अन्य राज्यों के साथ 3 दिसंबर को होगी।
देखिये कांग्रेस की दूसरी सूची…