कांकेर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में कांकेर जिले के पखांजूर में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष और भारतीय जनता पार्टी के नेता असीम राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। रविवार रात 8 बजे अज्ञात लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है। फायरिंग पखांजूर के पुराना बाजार में हुई। गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें ने मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता और जिला उपाध्यक्ष असीम राय पखांजूर के पुराना बाजार पहुंचे थे। इस दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें गोली मार दी और फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। असीम राय को तत्काल अस्पताल लाया गया। डॉक्टर पीयूष टोप्पो ने बताया कि सिर पर गहरी चोट लगने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद मौत का कारण मालूम चलेगा।
कांकेर की पुलिस कर रही मामले की जांच
भाजपा उपाध्यक्ष को गोली मारने की खबर से हड़कंप मच गया। अस्पताल में भारी संख्या में स्थानीय और बीजेपी कार्यकर्ता मौजूद हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची हुई है। मामले की जांच की जा रही है। मृतक असीम राय पखांजूर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष भी थे। नक्सल वारदात के एंगल से भी जांच हो रही है।
हत्या की वजह राजनीतिक होने की आशंका
ऐसी भी आशंका है कि घटना राजनीतिक हो सकती है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अज्ञात लोगों ने गोली मारी है। बताया जा रहा है पखांजूर नगर पंचायत में अध्यक्ष पद को लेकर विवाद चल रहा था। 15 जनवरी को अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग होनी थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है।