रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। एक शख्स पिस्टल लेकर CM हाउस में घुस गया। पिस्टल लेकर आए व्यक्ति की चेकिंग भी नहीं की जा सकी। कुछ सुरक्षाकर्मियों की नजर पिस्टल पर पड़ी और उसे घेरकर पूछताछ की गई। इस मामले में 8 पुलिसकर्मियों को हटा दिया गया है। पूरी घटना की जांच कराई जाएगी। इस घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के मुताबिक पिस्टल लेकर पहुंचा शख्स मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात करने राज्य अतिथि गृह पहुंचा था। वह मुख्यमंत्री के केबिन तक पहुंच गया था, लेकिन जैसे ही सुरक्षाकर्मियों को यह पता चला कि शख्स के पास पिस्टल है तो तुरंत ही उसे रोक दिया गया। साथ ही उसके पास मौजूद पिस्टल को भी जब्त कर लिया गया। ऐसा चर्चा है कि जिस शख्स से पिस्टल जब्त किया गया है वह लाइसेंसी है और शख्स राजनीतिक पार्टी से जुड़ा हुआ है।
‘पहुना’ में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्थाः DGP
ऐसी भी चर्चा है कि जिस शख्स के पास पिस्टल था, वह वीआईपी गाड़ी में सवार होकर मुख्यमंत्री आवास पहुंचा था। इस दौरान उसकी तलाशी नहीं ली गई, जिस वजह से पिस्टल को लेकर वह आवास तक पहुंच गया। शख्स के जशपुर क्षेत्र का निवासी होना बताया जा रहा है। फिलहाल एडीजी इंटेलिजेंस ने 8 सुरक्षाकर्मियों को निलंबित कर दिया है। वहीं DGP अशोक जुनेजा ने कहा कि एडीजी गुप्त वार्ता ने पूरे मामले में अच्छी कार्रवाई की है। पहुना में पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था है।