25.7 C
Raipur
Saturday, September 7, 2024

‘हार गया अहंकार… जीत गया कार्यकर्ता…’ होर्डिंग्स में दिखी सुरेंद्र दाऊ की तस्वीर, जानिए राजनांदगांव में क्यों हो रही पोस्टर पॉलिटिक्स की चर्चा…

राजनांदगांव. न्यूजअप इंडिया
लोकसभा का चुनाव हो गया है। छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीटों में से 10 पर भाजपा और एक सीट पर कांग्रेस को जीत मिली है। हार के बाद भाजपा में जश्न है तो कांग्रेस हार की समीक्षा करने की बात कह रही है। प्रदेश की चर्चित राजनांदगांव सीट पर अब पोस्टर पॉलिटिक्स शुरू हो गया है। जगह-जगह कांग्रेस से निष्कासित नेता सुरेंद्र दाऊ के होर्डिंग्स लगे हैं। इसमें लिखा है, सादर विदाई… बाय-बाय…। साथ ही लिखा है- हार गया अहंकार, जीत गया कार्यकर्ता, जीत गयी जनता…। पोस्ट में किसी का नाम नहीं है, लेकिन इसे पूर्व सीएम भूपेश बघेल से जोड़कर देखा जा रहा है।

बता दें कि लोकसभा चुनाव में प्रदेश की हाई प्रोफाइल सीट राजनांदगांव पर सभी की नजर थी। यहां से कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को प्रत्याशी बनाया था। भाजपा ने संतोष पांडेय को दोबारा मौका दिया था। चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सीएम भूपेश बघेल पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप कांग्रेस नेता सुरेंद्र दास वैष्णव ने लगाया था। उन्होंने भूपेश बघेल को सामने ही खरी-खोटी सुनाई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ था। उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस और अन्य माध्यमों से कांग्रेस प्रत्याशी भूपेश बघेल पर कई गंभीर आरोप लगाए थे।

भूपेश के सामने मंच पर बताई थी अपनी व्यथा
राजनांदगांव सीट से भूपेश बघेल को कांग्रेस प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सुरेंद्र दास वैष्णव ने स्थानीय और बाहरी के मुद्दे के साथ कार्यकर्ताओं की अपेक्षा को लेकर मंच पर मौजूद भूपेश बघेल को खरी-खरी सुनाई थी। उन्होंने कहा था कि कार्यकर्ताओं से मिलने आपके पास समय नहीं था। विधानसभा में इसी वजह से हार हुई। अब लोकसभा का टिकट मिला है, तब आपको कार्यकर्ताओं की याद आ रही है। भूपेश पर गंभीर आरोप लगाने के बाद सुर्खियों में आए सुरेंद्र दास वैष्णव को कांग्रेस ने निष्कासित कर दिया था। सुरेंद्र राजनांदगांव जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।

होर्डिंग्स में सादर विदाई… बाय-बाय… जैसे शब्द
लोकसभा चुनाव के बाद राजनांदगांव शहर में कई जगह होर्डिंग देखने को मिल रहे हैं। इसमें किसी का नाम नहीं लिखा है, लेकिन सुरेंद्र दास वैष्णव की तस्वीर है। सुरेंद्र दाऊ पहले कांग्रेस में थे, इस लिहाज से शहर में इसे पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जोड़कर चर्चा की जा रही है। वहीं अब राजनांदगांव लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी की हार के बाद एक बार फिर सुरेंद्र दास वैष्णव ने अहंकारी होने का तंज कसते हुए शहर में सादर विदाई… बाय-बाय… के होर्डिंग्स लगवाए हैं। सुरेंद्र दाऊ के नाम से लगे इस होर्डिंग्स की शहर सहित राजनीतिक गलियारों में खूब चर्चा भी हो रही है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here