23.3 C
Raipur
Thursday, June 26, 2025

फडणवीस तीसरी बार महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बने, दो डिप्टी CM ने भी ली शपथ, सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग शुरू, इन मुद्दों पर होगी चर्चा…

मुंबई. एजेंसी। महाराष्ट्र चुनाव रिजल्ट के 13 दिन बाद नई सरकार बन गई है। देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं। शपथ के बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पास गए और अभिनंदन किया। फडणवीस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने डिप्टी CM पद की शपथ ली। शपथ से पहले उन्होंने बालासाहेब ठाकरे और आनंद दिघे का नाम लिया। प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह को धन्यवाद दिया।

शिंदे राज्य के दूसरे नेता हैं जो मुख्यमंत्री के बाद उप मुख्यमंत्री बने हैं। एकनाथ शिंदे के बाद NCP नेता अजित पवार ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। वह छठी बार राज्य के डिप्टी CM बने हैं। वह महायुति और महाविकास अघाड़ी दोनों गठबंधन की सरकार में डिप्टी CM रहने वाले महाराष्ट्र के पहले नेता बन गए हैं। शपथ के आधे घंटे बाद CM देवेंद्र फडणवीस, शिंदे और अजित मंत्रालय पहुंच गए। महाराष्ट्र सरकार की पहली कैबिनेट मीटिंग भी शुरू हो गई है।

किसी भी मंत्री को नहीं दिलाई गई शपथ
मुख्यमंत्री और दोनों उप मुख्यमंत्री के अलावा किसी मंत्री को शपथ नहीं दिलाई गई। हालांकि महायुति के बीच कैबिनेट बंटवारे को लेकर 6-1 का फॉर्मूला तय होने की चर्चा है। यानी 6 विधायक पर एक मंत्री पद मिलेगा। इसके तहत भाजपा को 20 से 22 मंत्री पद, एकनाथ शिंदे गुट को 12 और अजित पवार गुट को 9 से 10 मंत्री पद दिए जा सकते हैं। शपथ समारोह के बाद महायुती की बैठक शुरू हुई है, जिसमें आगे की रणनीति और मंत्रिमंडल गठन पर चर्चा होगी।

PM मोदी सहित कई मुख्यमंत्री हुए शामिल
शपथ समारोह मुंबई के आजाद मैदान में शाम 5:31 बजे शुरू हुआ, जो करीब 30 मिनट तक चला। राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के सामने तीनों नेताओं ने मराठी में शपथ ली। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह, नितिन गडकरी के अलावा बिहार के सीएम नीतीश कुमार, मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय, मध्य प्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव समेत NDA शासित 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के CM और डिप्टी CM शामिल हुए।

महायुति ने 230, MVA ने 46 सीटें जीतीं
बता दें कि महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर 20 नवंबर को वोटिंग हुई थी। 23 नवंबर को रिजल्ट आया था। महायुति गठबंधन को 230 सीटें मिलीं हैं। भाजपा को 132, शिवसेना को 57 और NCP को 41 विधायक जीते हैं। वहीं महाविकास अघाड़ी (MVA) को 46 और अन्य को 12 सीटें मिलीं हैं। महाविकास अघाड़ी में शिवसेना (UBT) 20, कांग्रेस 16 और शरद पवार की NCP को 10 सीटों पर जीत मिली है। महाराष्ट्र में बहुमत का आंकड़ा 145 है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here