रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने नए जिला अध्यक्षों की घोषणा करनी शुरू कर दी है। पार्टी के ‘संगठन पर्व-2024’ के तहत कई जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। राजधानी रायपुर के शहर और ग्रामीण दोनों जगहों में अध्यक्षों को बदला गया है। रायपुर शहर के नए जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर और रायपुर ग्रामीण के अध्यक्ष श्याम नारंग बनाए गए हैं। भाजपा शीर्ष नेतृत्व ने 15 जिलों के अध्यक्षों के नामों की घोषणा की है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में रायपुर जिले के साथ-साथ बीजापुर, कांकेर, दुर्ग-भिलाई, बालोद, रायगढ़ और सूरजपुर समेत अन्य जिलों के भी जिला अध्यक्षों की घोषणा की गई है। भाजपा संगठन निर्वाचन अधिकारी खूबचंद पारख ने कहा कि 19 जिलों के नामों की घोषणा 6 जनवरी को कर दी जाएगी। राजनांदगांव और कवर्धा जिलों के अध्यक्षों की घोषणा में थोड़ा विलंब होगा। जिलों के प्रभारियों द्वारा स्थानीय नेताओं से रायशुमारी की जा रही है।
पारख ने बताया कि 37 विधानसभा के लिए प्रदेश पदाधिकारियों का चुनाव भी कर लिया गया है। 18 प्रदेश प्रतिनिधि एसटी-एसी और महिला का भी चयन किया गया। कुल 55 प्रतिनिधियों का चुनाव किया गया। कवर्धा और राजनांदगांव जिलों में दावेदारों से बातचीत कर एक नाम तय किए जाएंगे। 8 जनवरी को चर्चा की जाएगी और 9 जनवरी को नाम जारी किए जाएंगे। पारख ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव 10 जनवरी को होने की संभावना है।
15 जिलों के अध्यक्षों के नाम
- रायपुर ग्रामीण जिला भाजपा अध्यक्ष श्याम नारंग
- रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर
- कांकेर जिला भाजपा अध्यक्ष महेश जैन
- भिलाई जिला भाजपा अध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन
- दुर्ग जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक
- बीजापुर जिला भाजपा अध्यक्ष घासीराम नाग
- गौरेला-पेंड्रा जिला भाजपा अध्यक्ष लालजी यादव
- बालोद जिला भाजपा अध्यक्ष चेमन देशमुख
- सूरजपुर जिला भाजपा अध्यक्ष मुरलीधर सोनी
- मुंगेली जिला भाजपा अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी
- रायगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान
- बलरामपुर जिला भाजपा अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल
- जशपुर जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह
- चौकी-मोहला-मानपुर जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती नम्रता सिंह
- कोरबा जिला भाजपा अध्यक्ष मनोज शर्मा
