रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से विधायक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव को दोबारा अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े ने किरण सिंहदेव के नाम की घोषणा की। इसके साथ ही भाजपा का प्रदेश संगठन चुनाव पूरा हो गया है। प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव के साथ राष्ट्रीय परिषद के 17 सदस्यों की घोषणा भी की गई है। न्यूजअप इंडिया ने 14 जनवरी को पहले ही बता दिया था कि किरण देव फिर से अध्यक्ष बनेंगे और हमारी खबर पर मुहर भी लग गई।
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्र और राज्य के सभी नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की दृष्टि से काम करने का दोबारा अवसर दिया है। पूर्व अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनी है, जिसके बाद से महत्वूर्ण भूमिका के लिए मुझे चुना गया था। हमने एकजुटता के साथ सदस्यता अभियान समेत लोकसभा और उप चुनाव में जीत हासिल की है। 60 लाख नए सदस्य भी बनाए गए। राष्ट्रीय महामंत्री एवं चुनाव प्रभारी विनोद तावड़े ने किरण सिंह देव को प्रदेश अध्यक्ष घोषित करते हुए कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के लिए तीन नामांकन पर एक ही नाम के लिए था, जिसमें हमारे किरण सिंहदेव का नाम था। किरण सिंहदेव छात्र राजनीति से संगठन के महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी संभाली है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन सहित प्रदेश संगठन के पदाधिकारी, मंत्री और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राष्ट्रीय परिषद के 17 सदस्यों की घोषणा
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री श्री तावड़े ने इस दौरान राष्ट्रीय परिषद के लिए 17 सदस्यों विष्णु देव साय, अरुण साव, विजय शर्मा, डॉ. सरोज पांडे, लता उसेंडी, तोखन साहू, बृजमोहन अग्रवाल, विक्रम उसेंडी, संतोष पांडे, विजय बघेल, पुन्नूलाल मोहिले, दयालदास बघेल, केदार कश्यप, रूपकुमारी चौधरी, खूबचंद पारख, ननकीराम कंवर, देवेंद्र राजा प्रताप सिंह के नाम की घोषणा की। सभी राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव के लिए वोट करेंगे।
BJP प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का परिचय
किरण सिंह देव जगदलपुर से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए हैं, लेकिन वे बीते कई सालों से पार्टी के लिए काम करते आ रहे हैं। उनकी राजनीति की शुरुआत छात्र जीवन से हुई। 1985 में वे छात्र संघ के अध्यक्ष बने। 1998 से 2000 तक उन्हें भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष बनाया गया था। 17 सितंबर 1962 को जन्मे किरण सिंह देव पेशे से वकील हैं। वे 2002 से 2005 तक जिला अध्यक्ष, 2005 से 2009 तक प्रदेश महामंत्री और फिर 2014 तक प्रदेश कार्य समिति के सदस्य रहे हैं। सामान्य वर्ग से आने वाले किरण सिंह देव 2009 से 2014 तक जगदलपुर नगर निगम के महापौर भी रह चुके हैं। इसके बाद पार्टी ने उन्हें 2023 के विधानसभा चुनाव में जगदलपुर से टिकट दिया था। उन्होंने कांग्रेस पार्टी के जतिन जाससवाल को हराया और पहली बार विधायक बने हैं।
किरणदेव को इसलिए मिला दोबारा मौका
किरण सिंह देव को पार्टी ने 21 दिसंबर 2023 को भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया था। पहली बार उन्हें मनोनीत किया गया है। इस बार बकायदा निर्वाचित किया गया है। किरण देव के नेतृत्व में पार्टी ने कई रणनीतियां बनाई और कार्यकर्ताओं को संगठित किया। पार्टी की विचार धारा को घर-घर तक पहुंचाने में किरण देव की महत्वपूर्व भूमिका रही है। किरण देव के नेतृत्व में लोकसभा चुनाव में पार्टी ने 11 में से 10 लोकसभा सीट पर परचम लहराया है। नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में भी किरणदेव से बहुत उम्मीदें हैं। पार्टी उनके ही नेतृत्व में आगामी चुनाव लड़ेगी।
छत्तीसगढ़ भाजपा का अभेद्य गढ़ बन गया
प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख ने संगठन चुनाव प्रक्रिया का वृत्त प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रदेश में संगठन पर्व के दौरान सदस्यता अभियान में 60 लाख सदस्यता का लक्ष्य अर्जित किया गया और प्रदेश में 71 हजार सक्रिय सदस्य बनाए गए। सदस्यता अभियान के बाद संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। 24,219 बूथों में से 23,400 बूथों में चुनाव हुए। प्रदेश में पहले 405 मंडल थे, जो परिसीमन के बाद बढ़कर 479 हो गए। इन 479 मंडल इकाइयों में से 416 मंडल इकाइयों का गठन हो चुका है। प्रदेश में भाजपा के सभी 36 संगठन जिलों के अध्यक्ष व प्रदेश प्रतिनिधियों का चुनाव किया जा चुका है। श्री पारख ने कहा कि इस पूरे अभियान में सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं व जनप्रतिनिधियों ने परिश्रम की पराकाष्ठा की, इसले यह संगठन पर्व सफल हुआ है। अब छत्तीसगढ़ भाजपा का अभेद्य गढ़ बन गया है।
संगठन चुनाव की प्रक्रिया से छत्तीसगढ़ बढ़ा मान
केंद्रीय चुनाव पर्यवेक्षक व मध्य प्रदेश के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने संगठन चुनाव समय पर पूर्ण होने पर सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में संगठन चुनाव में कहीं कोई अकारण दखल नहीं दी गई और परस्पर तालमेल देखने को मिला। बस्तर के सुदूर क्षेत्रों तक बूथ और मंडल इकाइयों के गठन की सराहना करते हुए श्री पटेल ने कहा कि संगठन चुनाव की प्रक्रिया समयबद्ध पूर्ण होने के कारण छत्तीसगढ़ मान बढ़ा है।
यह भी पढ़ें…