BIJAPUR. newsupindia.com
छत्तीसगढ़ के बीजापुर और तेलंगाना बॉर्डर पर कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर 21 दिनों तक सबसे बड़ा एंटी ऑपरेशन चलाया गया। इस ऑपरेशन में अब तक 31 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों पर एक करोड़ 72 लाख रुपयों का इनाम घोषित था। इस ऑपरेशन में 18 जवान घायल हुए हैं। 21 दिनों के ऑपरेशन में नक्सलियों से 21 बार मुठभेड़ भी हुआ। जवानों के साहस से नक्सली संगठन बैकफुट पर आया है।
बस्तर संभाग के बीजापुर में नक्सलवाद के खिलाफ चलाए जा रहे सबसे बड़े अभियान को लेकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस (सीआरपीएफ) के डीजी जीपी सिंह और छत्तीसगढ़ पुलिस के डीजीपी अरुण देव गौतम ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। दोनों बताया कि छत्तीसगढ़-तेलंगाना बॉर्डर के कर्रेगुट्टा पहाड़ पर 21 दिनों तक चले ऑपरेशन में फोर्स ने 31 नक्सलियों को मार गिराया है। इनमें 17 महिला नक्सली और 14 पुरुष नक्सली शामिल हैं। सभी नक्सलियों की डेडबॉडी रिकवर कर ली गई है। अब आॅपरेशन से सारे जवान लौट आए हैं।
12 हजार किलो राशन भी बरामद
अफसरों ने बताया कि इस आॅपरेशन में अब तक 31 नक्सली मारे गए हैं, जिन पर एक करोड़ 72 लाख रुपयों का ईनाम घोषित था। इस आॅपरेशन में 18 जवान भी घायल हुए हैं। कर्रेगुट्टा पहाड़ और रास्तों से 35 रायफल और 450 आईईडी बरामद किए गए हैं। माओवादियों ने पहाड़ियों पर दो वर्षों तक का राशन जमा कर रखा था। उनके पास से 12000 किलो राशन बरामद किया गया है। नक्सलियों के 214 बंकर और ठिकाने नष्ट किये गए हैं। पहाड़ में नक्सलियों के सुरक्षित रहवास का ठिकाना भी बनाया था।
45 डिग्री तापमान में जवान डटे रहे
अफसरों ने बताया कि इस ऑपरेशन में सीआरपीएफ, बस्तर फाइटर, डीआरजी, एसटीएफ आदि जवानों ने कई चुनौतियों का सामना करते हुए इस पर सफलता पाई है। जवानों के पास भौगोलिक चुनौतियां भी थी, जैसे दिन में 45 डिग्री तापमान और रात में ठंड का सामना करना पड़ता था। हमारे कई जवान डिहाइड्रेड भी हुए, जिन्हें बेस कैंप लाया गया। कुछ जवान घायल हुए जिनका उपचार रायपुर में चल रहा है। जवानों की मेहनत रंग लाई और इस ऑपरेशन को सफलता मिली।
नक्सलियों से ये हथियार हुए बरामद
अफसरों ने बताया कि कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में चलाए गए एंटी नक्सल आॅपरेशन में नक्सलियों द्वारा बनाए गए छोटे-बड़े सैकड़ों बीजीएल सेल, इंसास रायफल, एसएलआर रायफल, मजल लोडिंग रायफल, पाइप बम, 315 बोर रायफल, सिंगल शॉट, 303 रायफल, डेटोनेटर, 12 बोर बंदूक, भरमार, बारूद, कोडेक्स तार, डेटोनेटर और बड़ी मात्रा में गोलियां बरामद की गई हैं। नक्सलियों के पास बड़ी मात्रा में तबाही का समान मिला है।
