रायपुर. न्यूजअप इंडिया.कॉम
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए हैं। बस्तर के IG पी. सुंदरराज ने बताया कि CRPF और CoBRA टीमों का संयुक्त ऑपरेशन बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर वेस्ट बस्तर डिवीजन एरिया में हुआ। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए, जबकि 2 अन्य घायल हो गया। सुरक्षा बलों की एक जॉइंट टीम नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन पर निकली थी।
आईजी ने बताया कि पश्चिम बस्तर डिवीजन के जंगल में नक्सलियों की गतिविधियां देखे जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों की ज्वाइंट टीम को मौके पर रवाना किया गया था। सुरक्षा बलों की टीम घने जंगल में पहुंची तब नक्सलियों की ओर से भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने भी फौरन मोर्चा संभाल लिया। दोनों तरफ से कई घंटों तक फायरिंग हुई है। मुठभेड़ स्थल से 12 नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए हैं। ऑपरेशन में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड यानी डीआरजी और स्पेशल टास्क फोर्स (राज्य पुलिस की दोनों यूनिटें) और CoBRA (कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन- CRPF की एलीट यूनिट) के जवान शामिल रहे। इधर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध लगातार ऑपरेशन जारी हैं। बीजापुर में हुए एक बड़े अभियान में 12 नक्सलियों को न्यूट्रलाइज किया गया है। इस ऑपरेशन में हमारे 3 जवान शहीद हुए हैं, उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हू।
मुठभेड़ में डीआरजी के 2 जवान घायल
मुठभेड़ में डीआरजी के 2 जवान घायल भी हुएं हैं, जिसको इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। मुठभेड़ वाली जगह से कुल 12 नक्सलियों की लाशें बरामद की गई हैं। मौके से SLR, INSAS और 303 राइफलें बरामद की गई हैं। शहीदों में सभी DRG बीजापुर के जवान हैं। वीरगति पाने वालों में प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे, जवान रमेश सोड़ी शामिल हैं। बीजापुर डीआरजी के 2 घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।
छत्तीसगढ़ में इस साल 275 नक्सली ढेर
बता दें कि छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन मार्च-2026 तय की गई है। इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ में 275 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 239 बस्तर डिवीजन में ही मारे गए हैं। बस्तर डिवीजन में बीजापुर और दंतेवाड़ा समेत 7 जिले आते हैं। 27 नक्सली गरियाबंद जिले में भी मारे गए हैं। यह रायपुर डिवीजन में आता है। दुर्ग डिवीजन के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में इस साल 2 नक्सली मारे जा चुके हैं।
