बलरामपुर. न्यूजअप इंडिया
अपने बेबाक बोल को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहने वाले मंत्री रामविचार नेताम ने एक बार फिर अफसरों को को खुली मंच से चेतावनी दी है। लोक निर्माण विभाग (PWD) और जल संसाधन विभाग (सिंचाई विभाग) के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए रामविचार नेताम ने कहा है कि आप लोग कितना भी काला-पीला करोगे मुझे सब पता चल जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु के सुशासन में गलत कार्य करने वाले किसी भी अधिकारी और कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
दरअसल, रामानुजगंज के किसान सम्मेलन में पहुंचे कृषि मंत्री रामविचार ने सरकारी अफसरों को मंच से खुली चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि गलत कार्य करने वाले किसी भी अधिकारी-कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने PWD और सिंचाई विभाग के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कितना भी काला-पीला करोगे मुझे सब पता चला जाएगा। बिना कार्य हुए फंड निकालने पर उन्होंने कहा अब ऐसा नहीं चलेगा। उन्होंने PWD और सिंचाई विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त लहजे में कहा कि ईमानदारी से काम होना चाहिए। गलत करने पर एक्शन भी होगा।
प्रशासनिक अफसर नंगा नाच कर रहे
बता दें कि इसके पहले राज्यसभा सांसद रहते हुए रामविचार नेताम ने अफसरों को फटकार लगाई थी। भूपेश सरकार के कार्यकाल में उन्होंने प्रदेश में कानून व्यवस्था की लचर स्थिति पर चिंता जताते हुए बलरामपुर DM और SP को कटघरे में खड़ा किया था। उन्होंने SP को कांग्रेस विधायक का नौकर बताया था। उन्होंने कहा था कि विधायक बृहस्पति सिंह के इशारों पर बलरामपुर में प्रशासनिक अधिकारी नंगा नाच कर रहे हैं। नेताओं को खुश करने DM और SP लगे हुए हैं। नेताम ने कहा था कि अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें जूते की माला पहनाई जाएगी। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि SP विधायक के गुलाम बन गए हैं। विधायक के इशारे पर BJP कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस झूठे केस दर्ज कर रही है।
उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान भी संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में रामानुजगंज से भाजपा प्रत्याशी रहे रामविचार नेताम ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि कांग्रेस के एजेंट बनकर काम करने वाले अफसरों को प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा। बहुत लोग अंदर है, बहुत लोग अंदर जाने की तैयारी में हैं। जो लोग बचे हैं, उन सबको भी जेल भेजा जाएगा। कोई बचने वाला नहीं है। वहीं उल्टा कैसे लटकाने के सवाल पर नेताम ने कहा था कि पुलिस से ट्रेंनिग लेना पड़ेगा और पुलिस से ही पूछना पड़ेगा की कैसे लटकाते हैं।