26.3 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

‘1400 करोड़ के चंबल रिवर फ्रंट पर भ्रष्टाचार का आरोप, CM उद्घाटन करने नहीं आए’, Ex MLA ने कहा- करवाएंगे जांच

कोटा। राजस्थान के पर्यटन में मंगलवार को एक और उपलब्धि जुड़ गई। सांस्कृतिक विरासत और लोककलाओं में आकर्षण का केंद्र रहने वाला राजस्थान अब चंबल रिवर फ्रंट के नाम से देश-दुनिया में जाना जाएगा। राजस्थान सरकार ने रिवर फ्रंट के रूप में देशी-विदेशी पर्यटकों को बड़ा तोहफा दिया है। रिवर फ्रंट का उद्घाटन करने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद कोटा आने वाले थे, लेकिन तय समय से कुछ घंटों पहले उनका दौरा स्थगित हो गया। उनकी अनुपस्थिति में यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने उद्घाटन किया। इधर विपक्षी पार्टी ने रिवर फ्रंट पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

बता दें कि करीब 1400 करोड़ की लागत से चंबल नदी के दोनों छोर पर 2.7 किलोमीटर एरिया में चंबल रिवर फ्रंट को विकसित किया गया। यह दुनिया का पहला हेरिटेज रिवर फ्रंट है। चंबल रिवर फ्रंट का उद्घाटन समारोह नया पुरा घाट से शुरू हुआ। मंत्री शांति धारीवाल, विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी और मंत्रिमंडल सहित विधायक भी समारोह में शामिल हुए। नयापुरा घाट पर विकसित की गई ऐतिहासिक बावड़ी के वीडियो पर राजस्थानी लोक कला की अद्भुत प्रस्तुति ने अतिथि का मन मोह लिया। रिवर फ्रंट पर अतिथि आगे बढ़ते गए और रिवर फ्रंट की सुंदरता देख-देख आनंदित होते रहे।

वसुधेव कुटुम्बकम का संदेश दे रहा रिवर फ्रंट
चंबल रिवर फ्रंट पर विकसित किया गया विश्व मैत्री घाट वसुधेव कुटुम्बकम का संदेश दे रहा है। नौ देशों के फ्लैग और नौ देशों की खूबसूरत इमारत को यहां बखूबी विकसित किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने ध्वजारोहण किया। पुलिस बैंड ने राष्ट्रगान करवाया और कुमाऊं राइफल्स आर्मी बैंड ने आकर्षक प्रस्तुति दी। सीपी जोशी ने कहा कि अर्बन डेवलपमेंट का बेहतरीन उदाहरण राजस्थान के कोटा में एक मिसाल के तौर पर देखा जा सकता है।

आरोप- सुको और NGT के आदेश का उल्लंघन
आपको बता दे कि चंबल रिवर फ्रंट के उद्घाटन से एक दिन पहले कोटा उत्तर से पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने प्रेसवार्ता कर इस रिवर फ्रंट को गैर कानूनी बताते हुए कहा था कि यह निर्माण सुप्रीम कोर्ट और एनजीटी के आदेशों की अवेहलना है। पूर्व विधायक गुंजल ने यह भी कहा था कि इसके निर्माण में 50 प्रतिशत से ज्यादा का भ्रष्टाचार हुआ है। इसकी जांच हमारी सरकार आने पर करवाएंगे। गुंजल की इस प्रेसवार्ता के बाद ही चंबल रिवर फ्रंट के उद्घाटन पर काफी सवाल खड़े हो गए थे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सीएम ने कल मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों से इस विषय पर मंत्रणा की थी, जिसके बाद देर रात ढाई बजे मुख्यंत्री ने कोटा आने का कार्यक्रम स्थगित कर दिया।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here