41.1 C
Raipur
Monday, June 9, 2025

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव का ऐलान, 22 से नामांकन और 11 फरवरी को मतदान… पंचायतों के चुनाव तीन चरणों में होंगे…

  • छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य जहां वन नेशनल और वन इलेक्शन की तर्ज पर होगा मतदान
  • प्रदेश में नगरीय निकाय चुनाव एक चरण में होंगे और पंचायत चुनाव तीन चरण में होंगे

    रायपुर. न्यूजअप इंडिया

    छत्तीसगढ़ में नगरीय निकायों के चुनाव का ऐलान हो गया है। इसी के साथ प्रदेश में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। नगरीय निकाय चुनाव एक चरण में चुनाव होगा। इसके लिए 22 जनवरी से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। वहीं 11 फरवरी को मतदान होगा और 15 फरवरी को वोटों की गिनती की जाएगी। नाम वापसी की अंतिम तारीख 31 जनवरी तय की गई है। निर्वाचन आयोग ने एक मार्च में शुरू हो रही बोर्ड परीक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया है। छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य होगा जहां वन नेशन-वन इलेक्शन की तर्ज पर पंचायत और निकाय चुनाव साथ होंगे।

छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय और त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह ने आगामी चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। 2025 के निकाय चुनाव में प्रदेश के 14 नगर निगमों में से 10 नगर पालिक निगम, 54 नगर पालिकाओं में 45 के नगरपालिका परिषद और 124 नगर पंचायतों में से 114 नगर पंचायत अध्यक्षों के लिए चुनाव होंगे। नगरीय निकाय चुनाव 25 दिनों में पूर्ण हो जाएंगे।

छत्तीसगढ़ प्रदेश का पहला ऐसा राज्य होने जा रहा है, जहां वन नेशन और वन इलेक्शन की तर्ज पर चुनाव होंगे। प्रदेश में पहली बार नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ संपन्न होंगे। निकाय चुनाव में 25 दिन लगेंगे तो वहीं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव एक महीने में खत्म हो जाएंगे। प्रदेश के 33 जिलों में पंचायत चुनाव होंगे। पंचायत चुनाव के लिए 27 जनवरी से 3 फरवरी तक नॉमिनेशन होगा और तीन चरणओं 17, 20 और 23 फरवरी को मतदान होगा। पंच, सरपंच, जनपद सदस्य और जिला पंचायत सदस्यों के चुनाव जीतने की घोषणा जनपद और कलेक्टर कार्यालय में होंगे।

नगरीय निकाय चुनाव की तारीखों का ऐलान

  • 11 फरवरी को मतदान होगा (एक ही चरण में नगरीय निकाय कराया जाएगा)
  • 22 जनवरी से नॉमिनेशन से शुरू की जाएगी
  • 31 जनवरी को नाम वापसी होगी
  • 15 फरवरी 2025 को मतगणना होगी

त्रि स्तरीय पंचायत चुनाव तीन चरणों में होंगे

  • 27 जनवरी से 3 फरवरी तक नॉमिनेशन होगा।
  • 17, 20 और 23 फरवरी को मतदान होगा।
  • जिला और जनपद के परिणाम कलेक्टर्स जारी करेंगे।

निर्वाचन EVM से होगा नगरीय निकाय चुनाव
नगरीय निकाय का निर्वाचन EVM से संपन्न कराया जाएगा। वहीं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव बैलेट पेपर से होगा। नगर पालिकाओं में 44 लाख 74 हजार 269 कुल मतदाता हैं, जिसमें पुरुष मतदाता 22 लाख 525 और महिला मतदाता 22 लाख 73 हजार 232 है। जबकि अन्य मतदाताओं की संख्या 512 है। वहीं चुनाव के लिए कुल 5 हजार 970 और उप निर्वाचन के लिए 22 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। 1 हजार 531 संवेदनशील और 132 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र बनेंगे।

1 लाख से अधिक मतदान कर्मी सम्पन्न कराएंगे
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत 433 जिला पंचायत और 2 हजार 973 जनपद पंचायत सदस्य हैं। जबकि 11 हजार 672 ग्राम पंचायत सरपंच, 1 लाख 60 हजार 180 ग्राम पंचायत पंच का चुनाव होगा। वहीं 1 करोड़ 58 लाख 12 हजार 580 कुल मतदाता है। जिसमें पुरुष मतदाता 78 लाख 20 हजार 202 और महिला मतदाता 79 लाख 92 हजार 184 हैं। इसके अलावा अन्य मतदाता 194 हैं। आगामी चुनाव में 1 लाख से अधिक मतदान कर्मी चुनाव सम्पन्न कराएंगे।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here