26.1 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

अरुण वोरा ने सादगी से भरा नामांकन का पहला सेट, 75 पार सीटों का किया दावा, CM भूपेश की मौजूदगी में 30 को नामांकन रैली

दुर्ग. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस विधायक अरुण वोरा ने गुरुवार को शुभ मुहूर्त के आधार पर परिजनों और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की मौजूदगी में प्रथम सेट का नामांकन दाखिल किया। वोरा दुर्ग विधानसभा से सातवीं बार चुनाव के मैदान में हैं। इस दौरान वोरा ने अपने दिग्गज कांग्रेसी नेता और अपने पिता मोतीलाल वोरा को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि पहली बार बाबूजी की अनुपस्थिति में वे चुनाव लड़ने जा रहे हैं, लेकिन उनका स्थान रिक्त नहीं है।

अरुण वोरा ने कहा कि पारिवारिक संबंध बाबूजी ने शहर के नागरिकों के साथ बनाए हैं। हर वरिष्ठ जन उनके पालक समान हैं और सभी का आशीष हमेशा की तरह प्राप्त होता रहेगा। वोरा ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार के 5 वर्षों के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि जनता सब जानती है। विकास का छत्तीसगढ़ मॉडल पूरे देश मे चर्चा का विषय है। किसान, युवा, गरीब, मजदूर, मध्यम वर्ग, महिलाएं, आदिवासी, पशुपालक सर्वहारा वर्ग के लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ मिला है। इस बार प्रदेश में पहले से अधिक रुझान और उत्साह कांग्रेस के प्रति है।

अरुण वोरा ने कहा कि जनता समझदार है और भूपेश पर भरोसा बरकरार है। इस बार 75 से भी अधिक सीटें कांग्रेस को मिलेगी। उन्होंने कहा कि 30 अक्टूबर को मुख्यमंत्री और जिले के अन्य सभी प्रत्याशियों के साथ भव्य नामांकन रैली निकाली जाएगी। द्वितीय सेट का नामांकन दाखिल कराया जाएगा, जिसमें शीर्ष नेताओं की उपस्थिति संभावित है। प्रथम सेट के नामांकन दाखिल करने के दौरान वोरा के साथ परिवारजनों के अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष आरएन वर्मा, महापौर धीरज बाकलीवाल, परमजीत सिंह भुई सहित कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष मौजूद रहे।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here