25.8 C
Raipur
Thursday, June 19, 2025

भाजपा का संगठन चुनाव : मंडल अध्यक्ष 45 और जिलाध्यक्ष 60 साल से ज्यादा का नहीं चलेगा, BJP ने छत्तीसगढ़ में बनाए 60 लाख सदस्य…

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
भारतीय जनता पार्टी (BJP) का संगठन चुनाव शुरू हो गया है। पहले चरण में बूथ कमेटियों का चुनाव हो रहा है। इसके बाद 1 दिसंबर से मंडल अध्यक्ष और फिर 15 दिसंबर से जिलाध्यक्षों का चुनाव होगा। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने फैसला किया है कि मंडल अध्यक्ष 45 साल से ज्यादा का नहीं होना चाहिए। इसी तरह से जिलाध्यक्ष के लिए 60 साल की आयु सीमा तय कर दी गई है। मंडल और जिलों की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के लिए कोई आयु सीमा नहीं है।

भाजपा का सदस्यता अभियान अब भी चल रहा है। वैसे सदस्यता अभियान का समापन 15 नवंबर को हो जाना था, लेकिन अभी राष्ट्रीय संगठन ने इसको 30 नवंबर तक चलाने का फैसला किया है। प्रदेश भाजपा संगठन को छत्तीसगढ़ में 60 लाख प्राथमिक सदस्य बनाने का लक्ष्य मिला है। प्रदेश भाजपा ने शनिवार को यह लक्ष्य पूरा भी कर लिया। भाजपा प्रदेश कार्यालय में 60 लाख सदस्यता लक्ष्य पूरा होने की घोषणा गुब्बारे उड़ाकर किया गया है। इस दौरान राज्यसभा सांसद व राष्ट्रीय सदस्यता सहप्रभारी नरेश बंसल, भाजपा प्रदेश प्रभारी नीतिन नवीन, पर्यवेक्षक गजेंद्र पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिहदेव, सदस्यता प्रभारी अनुराग सिंह देव उपस्थित रहे।

मंडल अध्यक्ष के साथ एक मंडल प्रतिनिधि
छत्तीसगढ़ में भाजपा के 405 मंडल हैं। इनमें 1 से 15 दिसंबर तक चुनाव होगा। मंडल अध्यक्ष बनने के लिए यह जरूरी होगा कि अध्यक्ष पद का दावेदार कार्यकर्ता सक्रिय सदस्य हो। पहले संगठन में मोर्चा, प्रकोष्ठ या मंडल में ही किसी पद पर रहा हो। इसी के साथ सबसे बड़ी बात मंडल अध्यक्ष का दावेदार किसी भी हाल में 45 साल से ज्यादा का नहीं होना चाहिए। 45 साल से ज्यादा के दावेदारों में से किसी को भी मंडल अध्यक्ष नहीं बनाया जाएगा। मंडल अध्यक्ष के साथ ही एक मंडल प्रतिनिधि का भी चुनाव किया जाएगा। ये दोनों मिलकर जहां अपनी कार्यकारिणी बनाएंगे, वहीं जब जिलाध्यक्षों का चुनाव होगा तो इन दोनों को ही मतदान करने का अधिकार रहेगा।

मंडलों के बाद जिलाध्यक्षों का चुनाव होगा
सदस्यता अभियान के साथ ही बूथ कमेटियों का चुनाव भी प्रारंभ हो गया है। 5 दिसंबर तक सभी बूथों में कमेटियां बनाने का लक्ष्य है। इसके बाद मंडल चुनाव होंगे। मंडलों के बाद जिलाध्यक्षों का चुनाव होगा। जिलाध्यक्षों के लिए आयु सीमा 60 साल तय की गई है। तीन-तीन जिलों को मिलाकर पर्यवेक्षक और ऑब्जर्वर भी बनाएं जाएंगे। कुल मिलाकर एक दर्जन पर्यवेक्षक बनाएं जाएंगे। ये दावेदारों से बात करके सहमति से किसी एक दावेदार को अध्यक्ष तय करेंगे। इसके लिए जिलों के सांसद, विधायक और वरिष्ठ नेताओं के साथ रायशुमारी भी की जाएगी। हर जिले की स्थिति के हिसाब से हर जाति वर्ग को प्रतिनिधित्व मिल सके, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।

86 दिनों में 60 लाख सदस्य बनाए गए
संगठन चुनाव के प्रदेश प्रभारी खूबचंद पारख ने बताया कि मंडल और जिलाध्यक्षों के लिए राष्ट्रीय संगठन ने आयु सीमा तय की है। कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के लिए आयु का बंधन नहीं है। संगठन चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 15 से 20 तारीख के बीच में बूथों का चुनाव होना था। 24110 बूथों में 15000 बूथों का हो चुका है। 5 तारीख तक सभी बूथों में निर्वाचन होना है। 15 दिसंबर तक मंडलों का निर्वाचन होना है। जिले के चुनाव 30 तारीख निर्धारित की गई है। इधर सदस्यता अभियान को लेकर प्रभारी अनुराग सिंहदेव ने कहा कि BJP ने 86 दिनों में 60 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य पूरा किया। छत्तीसगढ़ भाजपा के लिए यह बहुत बड़ा अचीवमेंट है। भाजपा ने 15 लाख ऑफलाइन और 45 लाख ऑनलाइन मेंबर बनाए हैं। यह विश्वास का प्रतीक है। यह काम भारतीय जनता पार्टी के लोकप्रियता का प्रमाण है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here