26.3 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

दुर्ग जिले की छह सीटों पर भाजपा-कांग्रेस के प्रत्याशी तय, कैसा होगा चुनावी समीकरण, कौन कहां से लड़ रहा जानिये

भिलाई. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ कांग्रेस की दूसरी सूची जारी हो गई। टिकट को लेकर चले मंथन और घमासान के बाद आखिरकर देर शाम कांग्रेस ने 53 नामों का ऐलान कर दिया। कांग्रेस की जारी सूची के अनुसार दुर्ग से अरुण वोरा, भिलाई नगर से देवेंद्र यादव, वैशाली नगर से मुकेश चंद्राकर, अहिवारा से निर्मल कोसरे को टिकट दिया गया है। पाटन से भूपेश बघेल और दुर्ग ग्रामीण से ताम्रध्वज साहू का नाम पहली सूची में आया था। भाजपा ने इन सीटों पर प्रत्याशी की घोषणा पहले ही कर दी थी, जिसमें पाटन से दुर्ग सांसद विजय बघेल, भिलाई नगर से प्रेमप्रकाश पांडेय, दुर्ग ग्रामीण से ललित चंद्राकर, दुर्ग से गजेंद्र यादव, वैशाली नगर से रिकेश सेन और अहिवारा से डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को प्रत्याशी बनाया गया है।

  • पाटन विधानसभाः दुर्ग के पाटन से चाचा भूपेश बघेल (मुख्यमंत्री) तथा भतीजे विजय बघेल (सांसद) के बीच चौथी बार मुकाबला होने जा रहा है, जिसमें तीन बार भूपेश बघेल तथा एक बार विजय बघेल ने जीत दर्ज की है। पाटन छत्तीसगढ़ की सबसे हाईप्रोफाइल सीट है, जिस पर पूरे प्रदेश की नजर है।
  • भिलाई नगरः विधानसभा सीट पर भी रोमांचक मुकाबला होने जा रहा है। कांग्रेस ने दोबारा देवेंद्र यादव को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने आठवीं बार प्रेमप्रकाश पाण्डेय को टिकट दिया है। 2018 में कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव से प्रेमप्रकाश पाण्डेय बेहद नजदीकी मुकाबला हार गए थे। इस बार फिर दोनों आमने-सामने हैं।
  • वैशाली नगरः वैशाली नगर से भाजपा ने पांच बार के पार्षद रिकेश सेन को प्रत्याशी बनाया है। वहीं कांग्रेस ने दो साल पहले भिलाई शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बने मुकेश चंद्राकर को मैदान में उतार दिया है। विधानसभा चुनाव में दोनों प्रत्याशी नया है। यहां मुकाबला दिलचस्प होना है।
  • दुर्ग ग्रामीणः इस सीट पर भाजपा ने चौकाने वाला निर्णय लेते हुए ललित चंद्राकर को प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने प्रदेश के दिग्गज नेता तथा गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू हैं। ताम्रध्वज साहू जब सांसद थे, तब उन्हें कांग्रेस ने मैदान में उतारा था। ताम्रध्वज साहू 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस से जीतने वाले इकलौते सांसद थे।
  • दुर्ग शहरः दुर्ग शहर में कांग्रेस ने अरुण वोरा को सातवीं बार प्रत्याशी बनाया है। उनके सामने भाजपा ने एक बार के पार्षद गजेंद्र यादव को मैदान में उतारा है। यहां स्थिति क्या बनेगी फिलहाल यह कहना मुश्किल है। इस सीट पर भाजपा-कांग्रेस के बीच ही मुख्य मुकाबला रहा है। एक बार स्वाभिमान मंच ने दोनों पार्टियों को कड़ी टक्कर दी थी।
  • अहिवाराः आरक्षित सीट अहिवारा से कांग्रेस ने दुर्ग जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष तथा भिलाई-चरोदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे को प्रत्याशी बनाया है। वहीं भाजपा ने पूर्व विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा पर भरोसा जताया है। डोमनलाल कोर्सेवाड़ा को पिछले चुनाव में टिकट नहीं मिला था। इस बार यहां मुकाबला रोचक होने की बात कही जा रही है।
Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here