रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनाव में जनता जनार्दन ने नारी शक्ति को नमन किया है। 10 नगर पालिक निगम में चुनाव हुए हैं, जिसमें 5 नगर निगमों में महिला महापौर का कब्जा हो गया है। भारतीय जनता पार्टी ने रायपुर नगर निगम के साथ दुर्ग निगम, बिलासपुर, कोरबा और अंबिकापुर निगम में महिला प्रत्याशी को मैदान में उतारा था। सभी महिला प्रत्याशियों ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। रायपुर में भाजपा को एकतरफा जीत मिली है।
केंद्र की मोदी सरकार नारी शक्ति वंदन अधिनियम के तहत लोकसभा-विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी एक-तिहाई सुनिश्चित करने का प्रयास कर रही है। भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव में महिलाओं को नेतृत्व देने का एक कदम उठाते हुए 10 नगरीय निकायों में से पांच पर महिलाओं को महापौर प्रत्याशी बनाकर बड़ा संदेश दिया था। जनता ने भी BJP की भावनाओं पर मुहर लगा दी। जनता ने 5 शहरी सरकार यानी निगम में महिलाओं की भागीदारी तय कर दी।
BJP की पांच महिला प्रत्याशी बनीं मेयर
- रायपुर नगर निगमः महापौर पद के लिए भाजपा की महिला प्रत्याशियों में से सबसे बड़ी जीत रायपुर में रही। भाजपा की मीनल चौबे ने कांग्रेस की दीप्ति चौबे को 1 लाख 53 हजार 290 मतों के अंतर से पराजित किया।
- दुर्ग नगर निगमः भारतीय जनता पार्टी की अल्का बाघमार ने कांग्रेस की प्रेमलता साहू को 67 हजार मतों के अंतर से हराया। दुर्ग नगर निगम में कांग्रेस-भाजपा के सिर्फ दो प्रत्याशी थे। यहां सीधी टक्कर थी।
- बिलासपुर नगर निगमः भाजपा प्रत्याशी पूजा विधानी ने कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी प्रमोद नायक को 66,179 मतों के अंतर से पराजित किया।
- अंबिकापुर नगर निगमः भाजपा की मंजूषा भगत ने कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की को 11,063 मतों से हराया। अंबिकापुर नगर निगम में कांग्रेस की जीत के कयास लगाए गए थे। यह सीट पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का गृह जिला है।
- कोरबा नगर निगमः भाजपा की संजू देवी ने कांग्रेस की उषा तिवारी को 52 हजार मतों के अंतर से पराजित किया। यहां भी कांग्रेस और भाजपा प्रत्याशी के बीच सीधी टक्कर थी।