29.1 C
Raipur
Friday, October 18, 2024

‘छत्तीसगढ़ में घोटालों की सरकार’, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले- 5 साल तक लगा रहा ग्रहण, अब हटाने का समय आ गया

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ विधानसभा के पहले चरण के चुनाव के लिए राजनीतिक पार्टियों की तबाड़तोड़ जनसभाएं शुरू हो गई है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को डोंगरगढ़ के ठेलकाडीह और कवर्धा जिले के पंडरिया में जनसभा कर भूपेश बघेल सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में छलिया सरकार है। बोलती कुछ है और करती कुछ और। पांच साल में काम कुछ नहीं किया बल्कि सिर्फ भ्रष्टाचार किया। यह घोटालेबाज सरकार है। शराब घोटाला, चावल घोटाला, कोयला घोटाला, गौठान घोटाला, डीएमएफ घोटाला, शिक्षकों के ट्रांसफर पोस्टिंग में घोटाला, रेत घोटाला, गोबर घोटाला, इस सरकार ने किसी क्षेत्र को नहीं छोड़ा। कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ को घोटालों और सट्टेबाजी का बाजार बना दिया है।

जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने कभी भी जनता के बारे में नहीं सोचा। कांग्रेस पार्टी ने हमेश अपने बारे में सोचा, अपने परिवार के बारे में सोचा। यहां विकास का एक भी पत्थर कांग्रेस नहीं गिना सकती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी हर विकास की ईंट पर अपना नाम दर्ज करा सकती है। छत्तीसगढ़ को पांच साल से ग्रहण लगा हुआ है। अब ये ग्रहण हटाने का मौका आ गया है। यहां की सरकार आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार रिपोर्ट कार्ड की सरकार है, जो कहते हैं वो करते हैं और जो नहीं कहते हैं वो भी करके देते हैं। हम पाई-पाई का हिसाब देते हैं और जनता की सेवा के लिए अपने आप को जोड़ते हैं, लेकिन ये लोग मेवा खाने के लिए आपसे जुड़ते हैं।

‘भूपेश सरकार ने 12 लाख मकान बनने नहीं दिए’
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी की सरकार में अंतर है। पीएम मोदी ने प्रधानमंत्री आवास के तहत चार करोड़ घर बनाने की योजना शुरू की। साढ़े तीन करोड़ मकान बना भी दिए और छत्तीसगढ़ में 14 लाख 85 हजार मकान सेंक्शन किया, लेकिन कांग्रेस की भूपेश सरकार ने 12 लाख से ज्यादा मकान बनने नहीं दिए। कांग्रेस ने आपका मकान रोका और अब 7 नवंबर को आप उसको (कांग्रेस) रोक देना। भाजपा ने करीब 35 लाख उज्ज्वला गैस कनेक्शन दिया, जल जीवन योजना के तहत 23 लाख बहनों के लिए घर पर जल की व्यवस्था की गई। मोदी जी ने बहनों को इज्जत से जीने का अधिकार दिया। 35 लाख शौचालय बनाकर दिया।

‘कांग्रेस ने शराबबंदी का वादा किया, घर-घर पहुंचा रहे’
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार ने साढ़े 13 करोड़ लोगों को गरीबी की रेखा से ऊपर उठा दिया है। भारत में अति गरीबी 1 प्रतिशत भी कम है। मोदी सरकार ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में एनएमडीसी प्लांट के लिए 28 हजार करोड़ रुपये दिए, जिससे 50 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा। रायपुर डेमो ट्रेन सर्विस की शुरुआत की, जगदलपुर में डबल लाइन सर्विस की शुरुआत की, हमने पांच इकनॉमिक कॉरिडोर का छत्तीसगढ़ में शिलान्यास किया। प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों और उच्च शैक्षणिक संस्थान दिए। कांग्रेस ने यहां शराबबंदी का वादा किया था, लेकिन शराब ऑनलाइन मिल रही है। घर-घर पहुंच रही है। कांग्रेस पार्टी के नेता और कार्यकर्ता अपनी सेवा के लिए जीते हैं। भाजपा आपकी सेवा करना चाहती हैं। वो जनता को धोखा देकर मेवा खाते हैं। हम अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर साथ लेकर आते हैं।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here