24.1 C
Raipur
Friday, October 18, 2024

छत्तीसगढ़ में CM भूपेश को घेरने की रणनीतिः दंतेवाड़ा से BJP की परिवर्तन यात्रा, अमित शाह दिखाएंगे हरी झंडी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आचार संहिता लगने से पहले ही चुनावी माहौल बन गया है। मंगलवार को दंतेवाड़ा जिले से भाजपा की परिवर्तन यात्रा शुरू हो रही है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। अमित शाह दोपहर को दंतेवाड़ा पहुंचेंगे और शाम को वापस दिल्ली लौट जाएंगे। गृहमंत्री को तीन लेयर की सुरक्षा दी जाएगी। कार्यक्रम स्थल में करीब 2 हजार से ज्यादा जवानों की तैनाती की गई है, जिसमें CRPF, KOBRA, DRG, STF के जवान शामिल हैं।

दंतेवाड़ा नक्सल प्रभावित जिला है, लिहाजा सुरक्षा व्यवस्था चौकस रखी गई है। पुलिस लाइन कारली के हेलीपेड से लेकर मां दंतेश्वरी मंदिर तक और वहां से सभा स्थल तक सैकड़ों जवान तैनात हैं। सभा स्थल से पूरे मार्ग तक 5 से ज्यादा ड्रोन कैमरे से पुलिस नजर रख रही है। अलग-अलग जिलों से बुलाई गई डॉग स्क्वायर्ड के साथ जवान भी सर्चिंग कर रहे हैं। आसमान से लेकर जमीन तक फोर्स की पैनी नजर है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को घेरने भाजपा के शीर्ष नेताओं का लगातार छत्तीसगढ़ दौरा हो रहा है।

45 आम सभाएं, 5 रोड शो होंगे
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव परिवर्तन यात्रा के पहले चरण का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि परिवर्तन यात्रा का पहला चरण दंतेवाड़ा से शुरू हो रहा है। समापन बिलासपुर में होगा। यह यात्रा करीब 1728 किमी की होगी। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में करीब 45 आम सभाएं, 32 स्वागत सभाएं और 5 रोड शो होंगे।

जशपुर से दूसरे चरण की शुरुआत
भाजपा की परिवर्तन यात्रा का दूसरा चरण 16 सितंबर को जशपुर से शुरू होगा। इसे BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हरी झंडी दिखाएंगे। दूसरे चरण की यात्रा का नेतृत्व छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल करेंगे। दूसरी परिवर्तन यात्रा 1261 किलोमीटर की होगी। दूसरे चरण में 39 आम सभाएं, 53 स्वागत सभाएं और 2 रोड शो होंगे।

28 को समापन, PM मोदी आएंगे
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने बताया कि इन दोनों परिवर्तन यात्रा का समापन 28 सितंबर को होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोनों यात्रा करीब 2989 किमी की होगी। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के राष्ट्रीय से लेकर प्रदेश स्तर के नेता परिवर्तन यात्रा में शामिल होंगे। इस दौरान आम सभाएं भी होंगी।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here