26.3 C
Raipur
Saturday, September 7, 2024

‘PM के दौरे से BJP को कोई लाभ नहीं होगा, TS सिंहदेव बोले- छत्तीसगढ़ का CM बनने नरेंद्र मोदी चुनाव लड़ते तो फर्क पड़ता

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायगढ़ दौरे से कांग्रेस को कोई फर्क नहीं पड़ेगा और भाजपा को कोई लाभ भी नहीं होगा। उन्हें छत्तीसगढ़ में काम नहीं करना है। पांच साल हो गए मोदी जी एक बार भी नहीं आए होंगे। अभी चुनाव है इसलिए आ रहे हैं। मतदाता अच्छी तरह जानता है कि यह प्रधानमंत्री का चुनाव नहीं है। नरेंद्र मोदी यहां आकर मुख्यमंत्री का चुनाव लड़ेंगे तो फर्क पड़ता। मोदी जी बोलें कि अब मैं छत्तीसगढ़ में चीफ मिनिस्टर का काम करूंगा तो लोग उनके बारे में सोचेंगे। वो देश के प्रधानमंत्री हैं। दिल्ली का काम प्रदेश में कोई विशेष प्रभाव नहीं डालता है।

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। रायगढ़ में उनकी बड़ी सभा है। प्रधानमंत्री की आमसभा सभा को लेकर भाजपाइयों में खासा उत्साह है। अंबिकापुर में डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि प्रधानमंत्री के आने से छत्तीसगढ़ के मतदाताओं में फर्क नहीं पड़ेगा। चुनाव के समय केंद्रीय नेताओं का आना-जाना लगा रहता है। इससे कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ता है। मतदाता सोंच-समझकर अपने मत का प्रयोग करता है। भाजपा के परिवर्तन यात्रा हो लेकर सिंहदेव ने कहा कि परिवर्तन भाजपाइयों के मन का हो जाए तो अच्छा है। उनके कई दूषित कार्यक्रम होते हैं। एक तरफ राहुल जी भारत को जोड़ते हैं दूसरी तरफ ये देश को तोड़ने का काम करते हैं।

टॉप लीडर्स के आने से एक उत्साह बनता है
टीएस सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस के टॉप लीडर्स के आने का सिलसिला पिछले दो माह से चल रहा है। प्रियंका गांधी दो बार आकर जा चुकी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी आकर जा चुके हैं। फिर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का कार्यक्रम होना है। खासकर चुनाव से पहले टॉप लीडर्स का यह सतत कार्यक्रम हैं। वही क्रम भाजपा में चल रहा है। नेता आएंगे और चले जाएंगे। मतदाता के लिए मुख्य मुद्दा होता है- स्थानीय क्या है? स्थानीय विकल्प देखते हैं कि कांग्रेस है, भाजपा है, अन्य दल है। हमारा भविष्य ज्यादा सुरक्षित किसके हाथ में है। सबसे ज्यादा उम्मीद किससे है। केंद्रीय नेताओं के आने से बहुत ज्यादा फर्क नहीं पड़ता है। बाहर से टॉप लीडर्स आते हैं तो एक उत्साह बनता है।

कोई कारण होगा तभी टिकट काटा जाएगा
कांग्रेस विधायकों का टिकट कटने के सवाल पर डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने कहा कि बिना कारण किसी का टिकट नहीं कटेगा। चाहे वह मंत्री हो, संसदीय सचिव हो या विधायक हो। पांच साल पहले जनता ने उन्हें चुना है। कोई कारण होगा तभी टिकट कटेगी। इसलिए ही समीक्षा हो रही है, अन्यथा 71 सभी विधायकों को टिकट दे दिया जाता। सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस को टिकट घोषणा करने की जल्दी नहीं है। क्यों जल्दी हो? जो पांच साल से फील्ड में काम नहीं कर रहा है, वह चुनाव लड़ने लायक नहीं है। ऐसे लोगों को ही टिकट मिलेगा जो लोगों से जुड़े हुए हैं। एक माह में चुनाव नहीं लड़ सकते। भाजपा में नए नाम आ रहे हैं, इसलिए उन्हें जल्दी हो सकती है। हमें कोई जल्दी नहीं है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here