29.5 C
Raipur
Tuesday, June 17, 2025

हिमाचल के सियोल नदी में समाई पुलिस जवानों से भरी बोलेरो, 6 लोगों की मौत, 4 घायल, एक पानी में बह गया

शिमला। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के साथ एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। चम्बा जिला के तीसा थाना क्षेत्र में पुलिस जवानों से भरी एक बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर सियोल नदी में जा गिरी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, वहीं 4 लोग गंभीर रूप से घायल है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक व्यक्ति के नदी में बह जाने की सूचना पर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे पर शोक जताते हुए घायलों को उच्च स्तरीय इलाज देने के निर्देश दिए हैं।

चम्बा के एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि शुक्रवार सुबह हुए सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में चालक और 5 पुलिस कर्मी हैं। 4 लोगों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं नदी के तेज बहाव में एक व्यक्ति लापता है, जिसे खोजने पुलिस और एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। चम्बा पुलिस के मुताबिक हादसे का शिकार हुई बोलेरो तीसा से बैरागढ़ की तरफ जा रही थी कि तरवाई नामक स्थान पर संतुलन खोने से नदी में जा गिरी। बोलेरो में हिमाचल की पुलिस बटालियन के 9 जवान और 2 स्थानीय लोग सवार थे।

पहाड़ से पत्थर गिरने की वजह से हुआ हादसा
एसपी अभिषेक यादव ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही तीसा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बोलेरो के खाई में लुढ़कने पर कुछ लोग छिटक कर बाहर आ गए, जिससे वे बच गए, लेकिन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीसा पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इधर स्थानीय भाजपा विधायक हंसराज ने कहा कि लगातार पहाड़ से पत्थर गिर रहे हैं। भाजपा ने इस रोड को बंद करवाया था, लेकिन सरकार ने फिर खोल दिया। संभवतः सड़क पर पत्थर गिरने से यह हादसा हुआ है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के अफसरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया जाना चाहिए।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here