रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) घोटाला मामले में पांच आरोपियों को आज फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा। इनमें सीजीपीएससी के पूर्व अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी के बेटे नितेश सोनवानी, भतीजे साहिल सोनवानी, बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल के बेटे शशांक गोयल, बहू भूमिका कटियार शामिल है। सीजीपीएससी स्कैम की सीबीआई जांच कर रही है। मामले में अब तक 7 लोगों को गिरफ्तारी हुई और कई बड़े लोगों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।
सूत्रों के मुताबिक सीबीआई ने भूमिका कटियार से पहले डिप्टी कलेक्टर पद पर चयन के संबंध में पूछताछ की थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई। शनिवार को CBI ने टामन सिंह सोनवानी के बेटे नितेश सोनवानी और पूर्व डिप्टी परीक्षा नियंत्रक ललित गनवीर को गिरफ्तार किया था। CBI ने पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और बजरंग पावर के डायरेक्टर श्रवण कुमार गोयल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इस घोटाले में 2019 से 2022 के बीच हुई भर्तियों को लेकर विवाद है। ईओडब्ल्यू और अर्जुंदा पुलिस ने पहले ही भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के मामले में FIR दर्ज की थी। ननकीराम कंवर भी इस मामले को लेकर हाईकोर्ट गए थे।
CGPSC में 2020 से 2022 के बीच डिप्टी कलेक्टर, डीएसपी और अन्य उच्च पदों पर हुई भर्तियों में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई थीं। तत्कालीन चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी ने अपने रिश्तेदारों और कुछ VIP लोगों के करीबियों को परीक्षा-साक्षात्कार के माध्यम से चुनिंदा पदों पर नियुक्ति दिलाई। CGPSC ने 2020 में 175 पदों और 2021 में 171 पदों पर परीक्षाएं आयोजित की थीं। फरवरी 2022 में प्रारंभिक परीक्षा के बाद, मई 2022 में मुख्य परीक्षा हुई, जिसमें 509 उम्मीदवार सफल हुए। इसके बाद 11 मई 2023 को 170 अभ्यर्थियों की अंतिम चयन सूची जारी हुई। आरोप है कि इस प्रक्रिया में नियमों का उल्लंघन कर रिश्तेदारों और प्रभावशाली लोगों को फायदा पहुंचाया गया।