28.1 C
Raipur
Saturday, September 7, 2024

चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री बने चंद्रबाबू नायडू, कैबिनेट में BJP सहित कौन सी पार्टी के कितने विधायक

विजयवाड़ा. एजेंसी। चंद्रबाबू नायडू ने चौथी बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कर ली हैं। उनके शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहे। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री के तौर पर यह उनका चौथा कार्यकाल होगा। शपथ ग्रहण समारोह विजयावाड़ा में हुआ। वहीं तेलगु फिल्म स्टार पवन कल्याण ने भी मंत्री पद की शपथ ली। मंगलवार को तेलुगु देशम विधायक दल और राजग के घटक दलों ने नायडू को अपना नेता चुना था। नायडू ने विधायकों को संबोधित करते हुए कहा था कि वह अमरावती को आंध्र प्रदेश की राजधानी के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

जनसेना प्रमुख एवं अभिनेता पवन कल्याण ने नायडू मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ ली। चंद्रबाबू नायडू के बेटे नारा लोकेश ने भी मंत्री पद की शपथ ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी अमित शाह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा और कई अन्य नेता एवं प्रमुख हस्तियां शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, भारत के पूर्व प्रधान न्यायाधीश एनवी रमण और अभिनेता रजनीकांत तथा चिरंजीवी भी इस मौके पर मौजूद रहे।

राज्यपाल ने CM और मंत्रियों को शपथ दिलाई
शपथ समारोह में टीडीपी के 21 विधायकों ने शपथ ग्रहण की। वहीं जेएसपी के 3 विधायक मंत्री बने, जबकि भारतीय जनता पार्टी के 1 विधायक ने मंत्री पद की शपथ ली। आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने मुख्यमंत्री और मंत्रियों को शपथ दिलाई। आंध्र प्रदेश में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में तेलगु देशम पार्टी (TDP), भाजपा और जनसेना शामिल हैं। NDA ने 164 सीट के साथ विधानसभा में पूर्ण बहुमत हासिल किया है।

विधानसभा चुनाव में टीडीपी को स्पष्ट बहुमत
बता दें कि 4 जून को लोकसभा चुनाव के साथ राज्य के विधानसभा चुनाव के रिजल्ट आए थे। विधानसभा में नायडू की TDP को 135, पवन कल्याण की जनसेना को 21 और भाजपा को 8 सीटें मिली। वहीं जगन मोहन रेड्डी की YSRCP को केवल 11 सीट मिलीं। राज्य की 25 लोकसभा सीटों में से NDA ने 21 सीटों पर जीत दर्ज की है। इनमें TDP ने 16, भाजपा ने 3 और जनसेना पार्टी ने 2 सीटें जीती हैं, जबकि YSRCP को 4 सीटें मिली हैं।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here