रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने आम चुनाव-2024 के मद्दे्नजर प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति में नई नियुक्ति की है। पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा को प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का संयोजक बनाया गया है। इसके साथ ही सहसंयोजक की जिम्मदारी भूपेन्द्र सवन्नी, पूर्व विधायक सौरभ सिंह और सरला कोसरिया को सौंपी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने यह नियुक्ति की है।
इधर लोकसभा चुनाव-2024 की तैयारियों के संबंध में 28 फरवरी को भारतीय जनता पार्टी की मैराथन बैठकें होंगी। भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में मैराथन बैठकों में प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन चुनाव संबंधी अब तक के कार्यों की समीक्षा कर संगठन पदाधिकारियों को मार्गदर्शन करेंगे। भाजपा प्रदेश महामंत्री ने बताया कि सबसे पहले क्लस्टर प्रभारियों, लोकसभा प्रभारियों, लोकसभा संयोजकों और सह संयोजकों की बैठक होगी। दूसरी बैठक में भाजपा के विभिन्न कार्यक्रमों की टोलियों की बैठक होगी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने बताया कि भाजपा के सभी मोर्चों के प्रदेश प्रभारी, अध्यक्ष, महामंत्री, संभाग प्रभारियों की बैठक रखी गई है। सबसे अंत में प्रदेश चुनाव समिति की अहम बैठक प्रदेश सह प्रभारी नितिन नवीन की उपस्थिति में होगी। श्रीवास्तव ने कहा कि चुनाव तैयारियों के दृष्टिगत यह सभी बैठकें काफी महत्वपूर्ण हैं और इनमें चुनावी रणनीति के मार्गदर्शक बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा होगी। इन बिन्दुओं के आलोक में मंडल से लेकर शक्ति केंद्र और बूथ कमेटियों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दायित्व सौंपे जाएंगे।