26.1 C
Raipur
Saturday, October 19, 2024

छुटभैया भाजपा नेता अब प्रिंसिपल और कलेक्टरों को धमका रहे, थानों में जाकर धमकी भी दे रहे, पूर्व CM भूपेश बघेल क्यों कह रहे ऐसा…

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
महादेव सट्टा एप को लेकर छत्तीसगढ़ में नए सिरे से सियासत शुरू हो गई है। संसद के दोनों सदनों में छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले पर बात होने के बाद अब एक बार फिर से पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अब सट्टा ऐप पर सवाल उठाए हैं। बघेल ने कहा है कि ‘महादेव’ ही अब तक बंद नहीं हुआ और गजानंद ऐप चालू हो गया है। शराब घोटाले पर उन्होंने बीजेपी पर सियासत करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि छुटभैया भाजपा नेता अब स्वामी आत्मानंद स्कूलों में जाकर प्रिंसिपल को धमका रहे हैं। कलेक्टरों को धमका रहे हैं और थानों में भी जाकर धमकी दे रहे हैं।

भूपेश बघेल ने शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारी सरकार में हमने गूगल को पत्र लिखकर महादेव सट्टा ऐप को बैन करने को कहा था। लेकिन डबल इंजन की सरकार में महादेव एप कैसे चल रहा है। उन्होंने कहा कि महादेव एप तो अभी बंद हुआ ही नहीं, उल्टे अब गजानंद एप सामने आ गया है। केंद्र सरकार के संरक्षण में ही सट्टा चल रहा है। बघेल ने छत्तीसगढ़ के यात्री ट्रेनों पर कहा कि यात्री ट्रेनें रद्द हो रही हैं, लेकिन मालगाड़ी लगातार चल रही है। छत्तीसगढ़ से इतने सांसद हैं, उन्हें यात्रियों के बारे में सोचना चाहिए, लेकिन यह सभी इस बारे में नहीं सोच रहे हैं।

सप्लायर क्यों नहीं बदलाः पूर्व सीएम
शराब घोटाले का मामला एक दिन पहले राज्यसभा में गूंजा था। शराब घोटाले का जिक्र करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा था कि छत्तीसगढ़ में हुआ शराब घोटाला कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री के साथ जुड़ा हुआ है। इसी मसले पर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि चुनाव के पहले इतने आरोप लगाए, लेकिन सप्लायर नहीं बदला गया। अगर वो गलत था, तो सप्लायर क्यों नहीं बदला गया है। सरकार में चंदे का धंधा चल रहा है। सरकार को सिर्फ उद्योगपति मित्रों की चिंता है।

गौ तस्करी के लिए लिया जा रहा चंदा
गौ तस्करी को लेकर पूर्व CM भूपेश बघेल ने कहा कि विश्व गोमांस का व्यापार भारत में दूसरे नंबर पर है। इसके पीछे का कारण डबल इंजन की सरकार है। सबसे बड़े बीफ निर्यातक से बीजेपी ने चंदा लिया है। जब चंदा ले रहे हैं तो फिर कार्रवाई कैसे होगी। उन्होंने कहा कि बजरंग दल जैसे संगठन विरोध-प्रदर्शन का नाटक कर रहे हैं। डबल इंजन की सरकार है तो विरोध-प्रदर्शन की जरूरत क्यों पढ़ रही है। सरकार ने गोठान योजना को बंद कर दिया। विष्णुदेव साय सरकार में गो तस्करी सांय-सांय हो रही है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here