29.1 C
Raipur
Friday, October 18, 2024

छत्तीसगढ़ के सरकारी कर्मियों को मिलेगा केंद्र जितना DA, CM के ट्वीट से कर्मचारियों में खुशी, कर्मचारी संघ भी CS से मिल चुका

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव का माहौल गरमाया है और दिवाली त्यौहार की तैयारियां भी शुरू हो गई है। इस बीच राज्य सरकारी कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा मिल सकता है। ऐसा मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ट्वीट से जाहिर हो गया है। दरअसल, छत्तीसगढ़ सरकार अपने कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान महंगाई भत्ता (DA) देने पर विचार कर रही है। इसको लेकर निर्वाचन आयोग से इजाजत मांगी गई है। छत्तीसगढ़ में अभी 42 फीसदी डीए मिल रहा है।

सीएम भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया के एकाउंट ‘X’ पर लिखा- ‘हम छत्तीसगढ़ के शासकीय कर्मचारियों को केंद्र सरकार के समान डीए देना चाहते हैं। इसके लिए अधिकारियों को निर्वाचन आयोग से विधिवत अनुमति प्राप्त करने हेतु निर्देश दिया है।’ अगर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की बातों को चुनाव आयोग मंजूर कर लेता है तो कर्मचारियों को दिवाली से पहले 4 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी डीए में मिल सकती है। वर्तमान में केंद्र सरकार अपने कर्मचारियों को 46 फीसदी डीए दे रहा है।

कर्मचारी संघ ने मुख्य सचिव से की थी मुलाकात
छत्तीसगढ़ कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के संयोजक कमल वर्मा ने कहा कि हमने मुख्य सचिव को पत्र लिखकर इस बात की मांग की थी कि दीपावली के पहले राज्य सरकार के कर्मचारियों को केंद्र सरकार के कर्मचारियों की तरह डीए दिया जाए। कई कर्मचारी संगठनों के साथ हमने मुख्य सचिव से मुलाकात भी की है। अभी 42 फीसदी महंगाई भत्ता मिल रहा है। केंद्र सरकार के कर्मचारियों को 46 फीसदी मिल रहा है। डीए कर्मचारियों का हक है और उसे मिलना ही चाहिए।

डीए बढ़ाने कर्मचारी संघों ने हड़ताल भी किया था
बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने चुनाव से पहले इस साल दो बार सरकारी कर्मचारियों के डीए में वृद्धि की है। एक बार पांच फीसदी और दूसरी बार चार फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, इससे पहले सितंबर में पेंशनर्स के महंगाई भत्ते में वृद्धि का ऐलान किया गया था। पेंशनर्स अधिकारी और कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 4 प्रतिशत की वृद्धि की गई थी। छत्तीसगढ़ में नियमित कर्मचारियों की संख्या लगभग 5 लाख के आसपास है। डीए बढ़ाने के लिए कर्मचारियों को हड़ताल का रास्ता भी अखितार करना पड़ा था। इस दौरान कर्मचारियों पर सरकार ने एस्मा भी लगा दिया था।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here