Sikkim Avalance news: गुवाहाटी। सिक्किम में बादल फटने से बाढ़ आ गई। बताया जा रहा है कि उत्तरी सिक्किम में ल्होनक झील के ऊपर अचानक बादल फटने से तीस्ता नदी का जल स्तर बढ़ गया और कई इलाकों में पानी भर गया। इसके चलते कई सैन्य प्रतिष्ठान भी चपेट में आ गए। सेना के 23 जवानों के भी लापता होने की खबर है। सिंगताम के पास बारदांग में खड़े सेना के 41 से ज्यादा वाहन पानी में डूबे हुए हैं। युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
पूर्वोत्तर के राज्य सिक्किम से एक बड़े बादल फटने से भारी तबाही हुई है। उफनती तीस्ता नदी के कारण प्रमुख सड़कें और पुल बह गए हैं। इस बीच बादल फटने से राष्ट्रीय राजमार्ग-10 समेत प्रमुख सड़कें बह गईं हैं। बाढ़ से सड़कें, बांध, पुल सभी को भारी नुकसान हुआ है। बादल फटने के बाद सिक्किम में अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। सेना के कुछ जवानों की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू हो गया है। बादल फटने और चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने की वजह से हालात बिगड़ गए हैं।
चुंगथांग बांध से पानी छोड़े जाने की वजह से नीचे के इलाकों में भी 15-20 फीट की ऊंचाई तक जल स्तर अचानक बढ़ गया है। इसके चलते सिंगतम के पास बारदांग में खड़े सेना के वाहन डूब गए। इसके अलावा 23 सैन्य जवानों के भी लापता होने की खबर है। बताया जा रहा है कि आधी रात को बादल फटने की घटना हुई है। नदी, नालियों में कीचड़ जम जाने से पानी निकासी बंद हो गई है और नतीजा यह है कि पानी इलाकों में भरने लगा है।