26.3 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

IANS-Pollstrat Opinion Poll: छत्तीसगढ़ में भूपेश मारेंगे ‘बाजी’ या मोदी मैजिक से खिलेगा ‘कमल’, क्या कहता है जनता का मूड?

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों में किसका पलड़ा भारी है। इसे लेकर एक ताजा ओपीनियन पोल सामने आया है। IANS-Polstrat के Opinion Poll सर्वे के मुताबिक छत्तीसगढ़ में एकबार फिर कांग्रेस की सरकार बनती नजर आ रही है। यह सर्वे 1 सितंबर से 13 सितंबर के बीच में कराया गया है। यह 3,672 सैंपल साइज का सर्वे है। सर्वे के अनुसार, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को 62 सीटें मिल सकती हैं। आंकड़े दिखाते हैं कि छत्तीसगढ़ में भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ कोई उलटफेर वाली एंटी इनकंबेंसी नहीं है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जनता के बीच काफी लोकप्रिय हैं।

आईएएनएस-पोलस्ट्रैट के ओपिनियन पोल के अनुसार, साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को 62 सीटें मिलने का अनुमान है। सर्वे यह बताता है कि छत्तीसगढ़ में एकबार फिर भूपेश बघेल के हाथ में सत्ता आएगी। मौजूदा वक्त में 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा में कांग्रेस के पास 71 सीटें हैं। हालांकि सर्वे रिपोर्ट में भाजपा के मत प्रतिशत में भी इजाफा होने के संकेत हैं। भाजपा को इस विधानसभा चुनाव में 27 सीटें मिलने का अनुमान है।

भूपेश बघेल को 60% और डॉ. रमन 34% रेटिंग
सर्वे में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 60% की मजबूत रेटिंग मिली है। सूबे की आवाम ने बघेल को सबसे लोकप्रिय सीएम उम्मीदवार के रूप में समर्थन दिया है। सर्वेक्षण में 50% उत्तरदाताओं ने बघेल के प्रदर्शन को एक मुख्यमंत्री के रूप में बेहतर बताया है। इस मामले में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रमन सिंह काफी पीछे नजर आ रहे हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के पक्ष में महज 34% लोग हैं। यदि वोट शेयर की बात करें तो भाजपा को 38 फीसदी जबकि कांग्रेस को 44 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में ‘मामा’, राजस्थान में ‘गहलोत’ लोकप्रिय
पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश की बात करें तो विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की शिवराज सरकार यानी ‘मामा’ का पलड़ा भारी नजर आता है। हालांकि, कांग्रेस और भाजपा में कांटे की लड़ाई देखी जाएगी। आईएएनएस-पोलस्ट्रैट के ओपिनियन पोल के अनुसार मध्य प्रदेश में भाजपा को 116 से 124 सीटें, जबकि कांग्रेस को 100 से 108 सीटें मिल सकती हैं। वोट शेयर की बात करें तो मध्य प्रदेश में भाजपा को 42 फीसदी, जबकि कांग्रेस को 40 फीसदी वोट शेयर मिलने का अनुमान है। वहीं राजस्थान की बात करें तो बघेल की तरह ही अशोक गहलोत की स्थिति मजबूत नजर आ रही है। 38% लोगों ने उन्हें पसंद किया है। कांग्रेस को कम से कम 97 और अधिकतम 105 सीटों पर जीत मिल रही है। वहीं भारतीय जनता पार्टी 89 से 97 सीटों पर जीत दर्ज कर सकती है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here