रायपुर. न्यूजअप इंडिया
‘जिंदगी के साथ भी जिंदगी के बाद भी’ इसी ध्येय वाक्य के साथ भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और महाराष्ट्र मंडल रायपुर लोगों की सेवा में जुटा है। लोगों की सेवा ही एक ऐसा कार्य है, जिसका प्रतिफल आपको एक समय के बाद मिलेगा। उक्त बातें भारतीय जीवन बीमा निगम मध्य क्षेत्र भोपाल के क्षेत्रीय प्रबंधक बाघराय माझी ने कहीं।
गुरुवार, 29 फरवरी को भारतीय जीवन बीमा निगम गोल्डन जुबली योजनांतर्गत सहायता प्राप्त महाराष्ट्र मंडल के फिजियोथेरेपी सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे। कार्यक्रम के विशेष अतिथि के रूप में अशोक ठाकुर वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रायपुर और शशांक सालोदकर विपणन प्रबंधक रायपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय मधुकर काले ने किया।
महाराष्ट्र मंडल के नवनिर्मित भवन में फिजियोथैरेपी सेंटर का उद्घाटन बाघराय माझी ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने एलआईसी के अधिकारियों और महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारियों के साथ फिजियोथैरेपी सेंटर का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ की गई। अतिथियों का सम्मान सूत माला, शाल और श्रीफल से किया गया।
अपने स्वागत भाषण में महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने 88 वर्षों से लगातार महाराष्ट्र मंडल द्वारा किए जा रहे सेवाभावी कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम चार साल बाद याद करेंगे, क्योंकि आज 29 फरवरी का दिन है। हम हर साल इस दिन की आने की प्रतीक्षा करेंगे, लेकिन वो दिन चार बाद आएगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र मंडल लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाएं लोगों को दे रहा है। आज एक नई सेवा की शुरुआत हमने कर दिया। इसके लिए एलआईसी के सहयोग के हम सभी लोग आभारी है।
मुख्य अतिथि भारतीय जीवन बीमा निगम मध्य क्षेत्र भोपाल के क्षेत्रीय प्रबंधक बाघराय माझी ने कहा कि एलआईसी का गठन 1956 में हुआ। जब हम वर्ष 2006 में अपना गोल्डन जुबली मना रहे थे, तब एलआईसी ने समाजसेवा के लिए गोल्डन जुबली फाउंडेशन की स्थापना की। वर्ष 2006 से लेकर अब तक एलआईसी ने पूरे देश में 754 संस्था और प्रोजेक्ट को 1,840 करोड़ रुपये का अनुदान दिया। वहीं इस जोन की बात की जाए तो 51 प्रोजेक्ट के लिए 55.80 करोड़ और रायपुर के लिए चार प्रोजेक्ट को 4.78 करोड़ अनुदान दे चुके हैं।
कार्यक्रम को वरिष्ठ मंडल प्रबंधक रायपुर अशोक ठाकुर और शशांक सालोदकर ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन महाराष्ट्र मंडल की सह सचिव गीता श्याम दलाल और आभार प्रदर्शन मंडल के सचिव चेतन दंडवते ने किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महाराष्ट्र मंडल के पदाधिकारी और एलआईसी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।