26.1 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

छत्तीसगढ़ में नक्सली हमला: बीजापुर में IED ब्लास्ट, STF के दो जवान शहीद, 4 घायल, ऑपरेशन से लौट रहे थे जवान, CM साय बोले- माओवाद के खात्मे तक जारी रहेगी लड़ाई…

बीजापुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल हमले में 2 जवान शहीद हो गए, जबकि 4 जवान घायल हुए हैं। एंटी नक्सल ऑपरेशन से लौट रहे जवानों को नक्सलियों ने IED से निशाना बनाया है। घायल जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। घटना बीजापुर जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र की है। इधर सीएम साय कहा कि IED ब्लास्ट में एसटीएफ के 2 जवानों के शहीद होने और 4 जवानों के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

मिली जानकारी के मुताबिक, CRPF, कोबरा, CAF, DRG, और STF के जवान एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। बुधवार की देर रात नक्सलियों ने ऑपरेशन से लौट रहे जवानों को टारगेट कर IED ब्लास्ट किया। इस हमले में STF के प्रधान आरक्षक भरतलाल साहू और आरक्षक सतेर सिंह शहीद हो गए। वहीं पुरुषोत्तम नाग, कोमल यादव, सियाराम सोरी और संजय कुमार घायल हो गए। घायल जवानों का जिला चिकित्सालय लाया गया। इसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए हेलीकॉप्टर से रायपुर रेफर किया गया है।

सुकमा-बीजापुर बॉर्डर पर IED ब्लास्ट
बता दें CRPF कोबरा, CAF, DRG और STF के जवान एंटी नक्सल ऑपरेशन पर निकले थे। तर्रेम थाना क्षेत्र के मंडिमरका के जंगल में नक्सलियों ने IED ब्लास्ट किया है घटना के बाद इलाके में सर्चिंग बढ़ा दी गई है। जहां ब्लास्ट की घटना हुई है वह बीजापुर और सुकमा जिले का सरहदी इलाका है। घटना की विस्तृत जानकारी अभी मीडिया से साझा नहीं की गई है। पुलिस विभाग के अफसरों ने जवानों के लौटने के बाद विस्तृत जानकारी देने की बात कही है।

जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगीः साय
सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘बीजापुर जिले के तर्रेम क्षेत्र में माओवादियों द्वारा किए गए IED ब्लास्ट में एसटीएफ के 2 जवानों के शहीद होने और 4 जवानों के घायल होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई है। ईश्वर से शहीद जवानों की आत्मा की शांति और घायल जवानों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। माओवाद के खात्मे के लिए हमारी सरकार द्वारा चलाए जा रहे अभियान से नक्सली विचलित हैं और कायराना हरकतों को अंजाम दे रहे हैं। जवानों की शहादत व्यर्थ नहीं जाएगी। माओवाद के खात्मे तक हमारी ये लड़ाई जारी रहेगी।’

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here