33.4 C
Raipur
Saturday, April 19, 2025

2024 में लाल आतंक पर शिकंजाः हिंसा का रास्ता छोड़ 234 नक्सलियों ने डाले हथियार, 56 को दबोचा, 49 को मुठभेड़ में मार गिया…

अब्दुल हमीद सिद्दीकी. दंतेवाड़ा
नक्सल मोर्चे पर छत्तीसगढ़ के लिए साल 2024 बहुत सफल रहा है। सुरक्षाबलों और पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। दंतेवाड़ा जिले के अंदरुनी इलाके जिसे कभी नक्सलियों का गढ़ कहा जाता था, वहां आज के वक्त में हालात तेजी से बदले हैं। पहाड़ियों और अंदरुनी जंगल क्षेत्र को नक्सलियों का सुरक्षित गढ़ माना जाता था, वहां एक साल के अंदर पुलिस और फोर्स ने अपनी पहुंच बनाने के साथ ही माओवादियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

नक्सल मोर्चे पर साल- 2024 की सफलताओं को दंतेवाड़ा एसपी गौरव राय ने जारी किया है। उन्होंने बताया कि दंतेवाड़ा पुलिस के लिए साल-2024 काफी सफलतापूर्ण रहा है। अलग-अलग अभियानों में पुलिस ने माओवादियों को मार गिराया है। उनके कब्जे से हथियार भी बरामद किए गए। यह आंकड़ा जिले के लिए काफी ऐतिहासिक रहा है। माओवादियों के खिलाफ पुलिस द्वारा जारी लड़ाई में बड़ी सफलता मिली है, जिससे जवानों को मनोबल ऊंचा है और नक्सली बैकफुट पर हैं। नक्सलियों से सीधी लड़ाई में सालभर में एक जवान को शहादत मिली, जबकि 8 जवान घायल हुए।

लोन वर्राटू अभियान को सफलता
शासन की नीति लोन वर्राटू (घर वापस आइए) अभियान के तहत साल-2024 में हिंसा का रास्ता छोड़कर 41 इनामी नक्सली सहित कुल 234 माओवादियों ने सरेंडर किया। माओवादियों ने छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल पुनर्वास नीति पर विश्वास जताया। सरेंडर करने वाले माओवादियों में से 4 पर 8 लाख रुपये, 4 पर 05 लाख रुपये, एक पर 3 लाख रुपये, 6 पर 2 लाख रुपये और 26 पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।

56 नक्सली चढ़े पुलिस के हत्थे
साल-2024 में कुल 56 नक्सली आरोपियों की गिरफ्तारी पुलिस ने की है। गिरफ्तार नक्सलियों में 1 पर 5 लाख और 5 पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। गिरफ्तार नक्सली फोर्स को नुकसान पहुंचाने, रोड काटने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोपी हैं। जिले की कई थानों में उनके खिलाफ अपराध भी पंजीबद्ध है।

मुठभेड़ में मारे गये मोआवादी
दंतेवाड़ा जिले में साल-2024 में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी), बस्तर फाईटर्स तथा सीआरपीएफ द्वारा कुल 49 माओवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया गया, जिसमें 44 इनामी माओवादियों पर कुल राशि 2 करोड़ 72 लाख रूपये घोषित है। इसें 2 नक्सली पर 25 लाख इनाम, 1 पर 10 लाख इनाम, 14 पर 8 लाख रुपये इनाम, 20 पर 5 लाख रुपये का इनाम, 5 पर 2 लाख इनाम तथा 2 पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इसके अतिरिक्त नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, कोण्डागांव, कांकेर तथा सीआरपीएफ और एसटीएफ के साथ संयुक्त नक्सल गस्त सर्च अभियान में 62 नक्सलियों को भी मार गिराने में सफलता मिली है।

माओवादी से हथियार बरामद
मुठभेड़ में मारे गये माओवादी से 3 नग एके-47, 1 नग इंसास एलएमजी, 3 नग इंसास रायफल, 5 एसएलआर रायफल, 2 नग 303 रायफल, 8 नग 315 बोर रायफल, 3 नग बीजीएल लांचर, 8 नग भरमार बंदूक, 6 नग 12 बोर, 2 नग देशी कट्टा सहित भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ और कारतूस बरामद किया गया है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here