गरियाबंद. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे गरियाबंद जिले में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ में जवानों ने 14 माओवादियों को मार गिराया है। 1 करोड़ का इनामी CC मेंबर जयराम उर्फ चलपती के मारे जाने की खबर है। सभी के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। रविवार रात से (मंगलवार) सुबह तक रुक-रुककर फायरिंग हो रही है। रात को सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। गृहमंत्री अमित शाह ऐलान कर चुके हैं कि मार्च 2026 तक देश को नक्सलमुक्त कर दिया जाएगा।
छत्तीसगढ़ में ‘लाल आतंक’ के खिलाफ सुरक्षाबलों ने ताबड़तोड़ प्रहार को और तेज कर दिया है। छत्तीसगढ़ में बस्तर के बाद अब गरियाबंद में नक्सलियों को बड़ी चोट लगी है। यहां सुरक्षाबलों ने 24 घंटे में 14 से ज्यादा नक्सलवादियों को मार गिराया है। मृतक माओवादियों की संख्या में बढ़ने की संभावना है। पुलिस अफसरों ने बताया कि छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर मैनपुर थाना क्षेत्र के कुल्हाड़ीघाट जंगल में मुठभेड़ हुई, जिसमें 12 और माओवादी मारे गए। इससे पहले सोमवार को मुठभेड़ में दो महिला नक्सली मारी गई थीं। सीआरपीएफ के कोबरा बटालियन का एक जवान घायल है।
अधिकारियों ने बताया कि छत्तीसगढ़ से जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), गरियाबंद ऑपरेशन ग्रुप E30, कोबरा 207, CRPF की 65 और 211 बटालियन, और SOG नुआपाड़ा की संयुक्त टीम शामिल है। नक्सल विरोधी इस सर्च ऑपरेशन में इन टीमों ने कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में गहन सर्चिंग अभियान चलाया, जहां सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो रही है। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले की सीमा से लगभग 5 किलोमीटर दूर छत्तीसगढ़ के कुल्हाड़ीघाट रिजर्व वन में बड़ी संख्या में माओवादियों की मौजूदगी की जानकारी के आधार पर 19 जनवरी की रात को ऑपरेशन शुरू किया गया था। 1000 जवानों ने 60 से ज्यादा नक्सलियों को घेरा है। ओडिशा-छत्तीसगढ़ पुलिस का यह ज्वाइंट ऑपरेशन है।
24 घंटे से लगातार मुठभेड़ जारी
अधिकारियों ने बताया कि सोमवार को अभियान के दौरान मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोलाबारूद और एक ‘सेल्फ लोडिंग’ राइफल मिली थी और बारूदी सुरंग का पता चला था। उन्होंने बताया कि मारे गए माओवादियों की संख्या बढ़ सकती है। रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने बताया कि क्षेत्र में पिछले 24 घंटे से लगातार मुठभेड़ जारी है। आईजी मिश्रा ने बताया कि इस मुठभेड़ में कई शीर्ष नक्सलियों के मारे जाने की संभावना है।
जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीयः साय
छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि गरियाबंद जिले के मैनपुर थाना अंतर्गत कुल्हाड़ीघाट क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ रविवार रात से अब तक जारी मुठभेड़ में 10 से अधिक नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। मार्च 2026 तक देश-प्रदेश में नक्सलवाद के खात्मे के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हुए सुरक्षाबल के जवान निरंतर सफलता हासिल कर लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। जवानों को मिली यह कामयाबी सराहनीय है। उनकी बहादुरी को सलाम करता हूं। हमारी डबल इंजन की सरकार में निश्चित ही हमारा छत्तीसगढ़ मार्च 2026 तक नक्सलवाद से मुक्त होकर रहेगा।