नई दिल्ली newsupindia.com
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत में सबसे लंबे समय तक सरकार के प्रमुख रहने वाले नेता बन गए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के तौर पर सरकार के प्रमुख के रूप में 8,931 दिन पूरे करने के साथ ही पीएम मोदी ने चामलिंग के 8,930 दिनों के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। उन्होंने सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग को पीछे छोड़ दिया है।
पीएम मोदी के लिए रविवार का दिन और 22 मार्च की तारीख सबसे खास पन्नों में दर्ज हो गई है। प्रधानमंत्री मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री वाले कार्यकाल को मिलाकर सबसे लंबे समय तक सरकार के मुखिया बने रहने का रिकॉर्ड बनाया है। पीएम मोदी इससे पहले गुजरात के सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वे ऐसे प्रधानमंत्री भी हैं, जिनके पास मुख्यमंत्री के तौर पर काम करने का सबसे लंबा अनुभव है।
मोदी 4 बार गुजरात के मुख्यमंत्री, 3 बार प्रधानमंत्री बने
17 सितंबर को जन्मे नरेंद्र मोदी 6 साल की उम्र में ही कांग्रेस की ओर से महागुजरात आंदोलन का हिस्सा बने। फिर 8 साल की उम्र में आरएसएस से जुड़ गए थे। 7 अक्टूबर 2001 को 51 साल की उम्र में बिना विधायक बने ही मोदी गुजरात के 14वें मुख्यमंत्री बने। 24 सालों में 14 साल गुजरात के मुख्यमंत्री रहे और अब तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री हैं।
2025 में मोदी ने बतौर पीएम इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा
नरेंद्र मोदी भारत के लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री रहने वाले दूसरे पीएम भी हैं। वे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 4077 दिनों (24 जनवरी 1966 से 24 मार्च 1977) का रिकॉर्ड तोड़ चुके हैं। 22 मार्च 2026 तक बतौर प्रधानमंत्री, नरेंद्र मोदी 4318 पूरे कर चुके हैं। हालांकि सबसे लंबे समय तक लगातार प्रधानमंत्री रहने का रिकॉर्ड जवाहरलाल नेहरू के नाम है। वे 15 अगस्त 1947 से 27 मई 1964 तक यानी लगातार कुल 6126 दिन तक इस पद पर रहे। पीएम मोदी नेहरू के रिकॉर्ड से 1812 दिन पीछे हैं। रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 2029 के बाद भी प्रधानमंत्री रहना पड़ेगा।
पवन चामलिंग सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री रहे
भारत के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने का रिकॉर्ड सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री पवन कुमार चामलिंग के नाम है। उनका कार्यकाल 12 दिसंबर 1994 से 26 मई 2019 तक रहा। यानी वे लगभग 24 साल 165 दिन सीएम रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री ज्योति बसु का रिकॉर्ड तोड़ा था। ज्योति बसु 23 साल सीएम रहे थे। उन्होंने लगातार 5 बार चुनाव जीते और बिना ब्रेक इतने लंबे समय तक सत्ता में रहे।
