26.1 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

‘एक सप्ताह में आएगी BJP प्रत्याशियों की दूसरी लिस्ट’, ओम माथुर बोले- इस बार जिताउ कैंडिडेट को ही टिकट

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ी हुई है। भाजपा ने 21 सीटों पर प्रत्याशियों की पहली सूची जारी भी कर दी है। टिकट की लालसा में बैठे उम्मीदवारों की टेंशन भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर के बयान ने बढ़ा दी है। माथुर ने कहा कि पार्टी सिर्फ जिताऊ उम्मीदवारों पर दांव लगाएगी। यहां तक कि भाजपा के वरिष्ठ से वरिष्ठ नेता, जो जिताऊ नहीं है, उन्हें भी टिकट नहीं दिया जायेगा। प्रदेश प्रभारी के इस बयान से उन नेताओं को झोर का झटका लगा है, जो टिकट की आस लगाए बैठे हैं। छत्तीसगढ़ भाजपा के नेताओं में चिंता स्पष्ट दिख रही है।

चुनाव प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की एक बड़ी लिस्ट एक सप्ताह के अंदर आ जाएगी। भाजपा इससे पहले 21 प्रत्याशियों का नाम घोषित कर चुकी है। भाजपा में टिकट जिताउ कैंडिडेट को ही दिया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता भी जिताउ नहीं हैं, तो उन्हें टिकट नहीं मिलेगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भूपेश पर हमला बोलते हुए ओम माथुर ने कहा कि मुख्यमंत्री बघेल अपनी हार को देखकर छत्तीसगढ़ियावाद की बात करते हैं। आर्थिक अनियमितताओं और भ्रष्टाचार को लेकर छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार घिरी हुई है। ED-IT रोज नए खुलासे कर रही हैं, जिसके कारण भूपेश बघेल इन संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रहे हैं। इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और पूर्व गृहमंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहे।

टिकट वितरण पर कहीं कोई विरोध की स्थिति नहीं
उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के 14 विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा की स्थिति की समीक्षा करने आए भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने कहा कि भाजपा पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटी हुई है। प्रदेश में परिवर्तन की हवा बह रही है। चुनाव के 90 दिनों पहले ही 21 प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। कुछ प्रत्याशियों का क्षेत्र में विरोध को लेकर माथुर ने कहा कि कहीं कोई विरोध की स्थिति नहीं है। एक जगह कई दावेदार होते हैं, जिनमें से किसी एक को टिकट मिलने पर कुछ नाराजगी की स्थिति बनती है। पहले टिकट बांटे जाने का यह फायदा है कि वहां भाजपा डैमेंज कंट्रोल कर लेगी।

रमन के भांजे को टिकट, बोले- वह BJP का परिवार
कांग्रेस पर तंज कसते हुए ओम माथुर ने कहा कि भाजपा सिस्टम की पार्टी है, किसी परिवार की पार्टी नहीं है, किसी एक नेता की पार्टी नहीं है। ऊपर से नीचे तक सबकी राय लेकर भाजपा प्रत्याशी तय कर रही है। प्रदेश में कोई मुख्यमंत्री का चेहरा नहीं होगा। भाजपा का चेहरा कमल निशान होगा। भाजपा में आईएएस अधिकारी, दूसरे दलों के विधायक एवं बड़ी संख्या में लोग प्रवेश कर रहे हैं। ओम माथुर ने कहा कि वे अपने प्रवास के दौरान भाजपा के बूथ स्तर तक के माइक्रो मैनेजमेंट की समीक्षा कर रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के भांजे को खैरागढ़ से टिकट देने को लेकर ओम माथुर ने कहा कि वे पहले से भाजपा के सदस्य और पदाधिकारी हैं। वे भाजपा परिवार के सदस्य हैं।

‘भूपेश राज में चरम पर भ्रष्टाचार, रोज खुलासे हो रहे’
ओम माथुर ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार में भ्रष्टाचार और आर्थिक अनियमितता चरम पर है। ईडी, आईटी और केंद्रीय एजेंसियां रोज नए खुलासे कर रही हैं। मुख्यमंत्री के पास बोलने को कुछ नहीं है। यूपीए-1 और यूपीए-2 कांग्रेस का शासन था। कोई महीना ऐसा नहीं गया जब इन्ही संस्थाओं ईडी, आईटी और सीबीआई ने कार्रवाई न की हो। तत्कालीन केंद्रीय मंत्रियों एवं उनके नेताओं पर कार्रवाई हुई। वे जेल गए तो क्या तब भी ये संस्थाएं नरेंद्र मोदी के नियंत्रण में थीं? ये संवैधानिक संस्थाएं हैं, उनके केस का एक प्रोसेस है। उस समय भाजपा शासित राज्यों में भी इन संस्थाओं ने कार्रवाई की तब भाजपा ने शोर नहीं मचाया। आज ये संस्थाएं यदि राहुल गांधी को पूछताछ के लिए बुला लेती हैं तो पूरे देश में आंदोलन चलने लगता है। कांग्रेस का मुख्यमंत्री इन संस्थाओं की रोज शिकायत कर रहा है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here