26.2 C
Raipur
Friday, June 20, 2025

‘सोनम पार्ट-2’: मुर्गा-भात में पति को जहर देकर मार डाला, एक महीने पहले हुई थी शादी… दो बार नाकाम, तीसरी बार में काम तमाम…

BALRAMPUR. न्यूजअप इंडिया.कॉम
छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे झारखंड के गढ़वा जिले के बाहोकुदर गांव में सोनम पार्ट-2 जैसा सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी ने सोनम रघुवंशी से भी खतरनाक तरीके से पति के हत्या की स्क्रिप्ट लिखी डाली। पत्नी ने मुर्गा-भात (चिकन) में जहर मिलाकर कर अपने पति को खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार किया है। महिला अपने पति को मारने के लिए उसके साथ ही मार्केट गई और वहीं से कीटनाशक दवा खरीदकर आई।

रंका के एसडीओपी रोहित सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के बिसुनपुर गांव की रहने वाली युवती सुनीता की शादी 11 मई 2025 को गढ़वा जिले के बाहोकुदर निवासी बुधनाथ सिंह (22 वर्ष) के साथ हुई थी। युवती को युवक पसंद नहीं था। इसके बाद भी घर वालों ने उसकी शादी करा दी। शादी के दूसरे ही दिन सुनीता अपने मायके चली गई। इस बीच दोनों परिवारों के बीच बैठक हुई। गांव की पंचायत में पति-पत्नी को साथ रहने की समझाइश दी गई।

पति के साथ जाकर बाजार से लाई कीटनाशक
पुलिस के मुताबिक 5 जून 2025 को सुनीता अपने ससुराल बाहोकुदर (झारखंड) लौट आई। शादी के सिर्फ 36 दिन बाद ही सुनीता सिंह ने अपने पति बुधनाथ को मुर्गा- भात में कीटनाशक मिलाकर दे दिया और उसे मौत के घाट उतार दिया। पुलिस के मुताबिक सुनीता अपने पति के साथ बाजार जाकर कीटनाशक दवा खरीदी। दो बार के असफल प्रयास के बाद तीसरी बार उसने चिकन बनाया और इसमें कीटनाशक को मिला दिया, जिससे उसके पति की तड़प-तड़पकर मौत हो गई।

पति की हत्या का आरोप पहले सास पर मढ़ा
पुलिस के मुताबिक इस घटना की तुलना इंदौर की सोनम रघुवंशी हत्याकांड से की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में मृतक की मां राजमती कुंवर ने बहू पर हत्या का आरोप लगाया तो वहीं सुनीता ने पहले पूछताछ में अपनी ही सास पर पति की हत्या का आरोप मढ़ दिया। सुनीता ने कहा कि सास जहर मिला खाना उसे देना चाहती थी, लेकिन गलती से बेटे को खिला दिया। हालांकि पुलिस की सख्ती के बाद सुनीता टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस जांच में पत्नी पर शक, पूछताछ में टूट गई
रंका एसडीओपी रोहित सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पत्नी ही मुख्य आरोपी लग रही थी। उसने कई बार पति को मारने की योजना बनाई थी और चिकन में जहर मिलाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर सुनीता टूट गई। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है कि इस वारदात में कोई और तो शामिल नहीं है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

चिकन के लालच में खुद को रोक नहीं पाया पति
पुलिस के मुताबिक पत्नी ने अपने पति को मारने के लिए पहले दो बार खाने में जहर मिलाया था, लेकिन दोनों बार पति ने खाना खाने से मना कर दिया था। इसके बाद पत्नी ने तीसरी बार चालाकी से गरमा-गरम चिकन तैयार किया और उसमें कीटनाशक जहर मिलाकर पति को परोस दिया। चिकन के लालच और स्वाद के आगे पति खुद को रोक नहीं पाया और जहरयुक्त खाना खा लिया। खाने के कुछ घंटों बाद बुधनाथ को पेट में तेज दर्द हुआ और उसकी मौत हो गई।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here