16.1 C
Raipur
Thursday, January 15, 2026

साहू समाज की सराहनीय पहल: जरूरतमंदों की मदद और गरीब मेधावी छात्रों की शिक्षा के लिए बनाया विशेष ‘कोष’… छत्तीसगढ़ में यहां से हुई शुरुआत…

  • बालोद जिला साहू संघ की अनूठी पहल, अन्य समाजों के लिए भी प्रेरणादायी, रचनात्मक योजनाओं से समाज में आ रहा सकारात्मक परिवर्तन

दीपक देवदास. गुरुर (बालोद)
सेवा मानव जीवन का सबसे पुनीत कार्य है। ज्यादातर लोग अपने लिए जीते हैं, लेकिन जो दूसरों के लिए जीते हैं और अपना जीवन मानवता की भलाई में समर्पित कर देते हैं, वे समाज में अमिट छाप छोड़ते हैं। बालोद जिले के साहू समाज ने इसी भावना से एक नई मिसाल कायम की है। जिला और तहसील स्तर पर साहू संघ ने जरूरतमंदों की सहायता और गरीब मेधावी छात्रों को उच्च शिक्षा प्रदान करने के लिए एक विशेष ‘कोष’ का गठन किया है।

जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष महेंद्र साहू ने बताया कि स्वतंत्रता संग्राम में साहू समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। अब समाज को आगे बढ़ाने के लिए संगठित प्रयासों की जरूरत है। ब्लॉक, तहसील और जिला स्तर पर गरीब परिवारों के बच्चों को उच्च शिक्षा से जोड़ने की विशेष मुहिम चलाई जा रही है। जिन माता-पिता की आर्थिक स्थिति बच्चों को पढ़ाने की इजाजत नहीं देती, उनके लिए इस कोष से मदद की जा रही है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार पर फोकस
साहू समाज कई दूरदर्शी और रचनात्मक योजनाएं चला रहा है, जिनका असर समाज में साफ दिखाई दे रहा है। बालोद जिला साहू संघ ने गरीब लेकिन मेधावी छात्र-छात्राओं की मदद के लिए अलग कोष बनाया है। अच्छे अंकों के बावजूद आर्थिक तंगी के कारण उच्च शिक्षा से वंचित होने वाले बच्चों को इस कोष से सहायता मिलेगी। साथ ही समाज के अन्य जरूरतमंद सदस्यों को भी आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी। अध्यक्ष महेंद्र साहू के नेतृत्व में कोष का गठन होने के बाद मदद का सिलसिला शुरू हो चुका है।

सर्वसमाज के लिए निष्काम सेवा की भावना
महेंद्र साहू ने कहा कि सच्ची सेवा का दायरा सिर्फ अपने परिवार या समाज तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पूरी मानवता को शामिल करना चाहिए। सभी के प्रति प्रेम और सहायता की भावना ही सदाचारी जीवन का आधार है। ईश्वर ने केवल मनुष्य को ही सहानुभूति का यह अनमोल गुण दिया है। उनकी मंशा केवल साहू समाज तक सीमित नहीं, बल्कि सभी समाजों के जरूरतमंद और गरीब मेधावी छात्र-छात्राओं तक मदद पहुंचाने की है।

इलाज के लिए 10 हजार रुपये की मदद
गुरुर ब्लाक के ग्राम भेजामैदानी निवासी रामस्वरूप साहू की पुत्रवधु का समय पूर्व प्रसव पीड़ा शुरू हो गया। रायपुर में निजी अस्पताल में महिला ने दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। परिवार बहुत ही निर्धन है। जिला साहू संघ बालोद के निर्देश पर तहसील साहू संघ गुरुर द्वारा बच्चों के समुचित इलाज के लिए 8 जनवरी को पांच हजार और जिला साहू संघ बालोद द्वारा पांच हजार रुपये यानी कुल 10 हजार रुपये की मदद की गई। महेंद्र साहू जिलाध्यक्ष बालोद, मिथलेश साहू तहसील अध्यक्ष गुरूर, हलधर साहू पूर्व महामंत्री प्रदेश साहू संघ रायपुर, खेदूराम साहू सचिव तहसील साहू संघ गुरूर, शंकर लाल साहू कोषाध्यक्ष परिक्षेत्र पुरूर और किशोरी लाल साहू कार्यकारी सदस्य पुरूर ने रामस्वरूप को यह राशि सौंपी गई।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here