BIJAPUR. newsupindia.com
छत्तीसगढ़ के बीजापुर और दंतेवाड़ा के सरहदी इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ जारी है. इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 26 नक्सलियों को मार गिराया है, जिनके शव बरामद किए जा चुके हैं. वहीं मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी जब्त किया है। इस मुठभेड़ में बीजापुर DRG का एक जवान शहीद हो गया है। वहीं कांकेर जिले में भी मुठभेड़ हुई है, जिसमें 4 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है।
जानकारी के मुताबिक, बीजापुर और दंतेवाड़ा के सरहदी इलाके में माओवादी विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम निकली थी। इस दौरान गंगालूर थाना क्षेत्र में आज सुबह करीब 7 बजे नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ शुरू हुई, जो अब तक जारी है। दोनों ओर से हुई भीषण फायरिंग हुई। सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से अब तक 26 नक्सलियों के शव बरामद किया है। इसके अलावा बड़ी मात्रा में राइफल, विस्फोटक सामग्री और अन्य हथियार जब्त भी किए गए हैं। फिलहाल, सुरक्षा बल पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। मुठभेड़ स्थल से AK, SLR, इंसास, 303,315 बोर, 12 बोर, भरमार आदि हथियार भी बरामद किया गया है।
IED ब्लास्ट की चपेट में आया जवान
इधर नारायणपुर-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर स्थित थुलथुली इलाके में एक जवान IED ब्लास्ट की चपेट में आ गया। घायल जवान को मौके पर से बाहर निकाला जा रहा है। वहीं सर्च ऑपरेशन जारी है। दरअसल, पुलिस को सूचना मिली थी कि गंगालूर इलाके में बड़ी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। इसी के आधार पर इस इलाके में ज्वाइंट ऑपरेशन लॉन्च किया गया। एक दिन पहले ही जवानों ने अंड्री इलाके को घेर लिया था। वहीं गुरूवार सुबह से ही मुठभेड़ जारी है।
31 मार्च 2026 से पहले देश नक्सलमुक्त होगा
पुलिस-नक्सली मुठभेड़ पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘नक्सलमुक्त भारत अभियान’ की दिशा में आज हमारे जवानों ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। छत्तीसगढ़ के बीजापुर और कांकेर में हमारे सुरक्षा बलों के 2 अलग-अलग ऑपरेशन्स में 30 नक्सली मारे गए। मोदी सरकार नक्सलियों के विरुद्ध रुथलेस अप्रोच से आगे बढ़ रही है और समर्पण से लेकर समावेशन की तमाम सुविधाओं के बावजूद जो नक्सली आत्मसमर्पण नहीं कर रहे, उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। अगले साल 31 मार्च से पहले देश नक्सलमुक्त होने वाला है।’
गृहमंत्री शाह का संकल्प होगा पूरा: साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि दो मुठभेड़ में 30 नक्सली मारे गए हैं, जवानों के साहस को नमन करते हैं। सुरक्षाबल के जवान मजबूती के साथ लड़ाई लड़ रहे हैं। बस्तर की खूबसूरती लोग देख पाएंगे ज्यादा समय नहीं लगेगा। मार्च 2026 तक देश से नक्सलवाद खत्म होगा। सीएम साय ने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह का संकल्प पूरा होगा। बस्तर स्वर्ग है। देश दुनिया के लोग जा पाएंगे। डबल इंजन का फायदा हो रहा है।
डीआरजी जवानों को बधाई- विजय शर्मा
छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम और गृहमंत्री विजय शर्मा ने विधानसभा में बीजापुर की सफलता पर डीआरजी जवानों को बधाई दी। शर्मा ने कहा कि बीजापुर एनकाउंटर में मारे गए सभी 26 नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मां भारती की सेवा करते एक जवान शहीद हुआ है। यह जवानों की भुजाओं की ताकत है। मैं DRG के जवानों को बधाई देता हूं। जवानों ने नक्सलियों को घेर रखा है। ऑपरेशन लगातार जारी है। आगे की स्थिति बताई जाएगी।