जशपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (JJMP) के 6 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। नारायणपुर और कुनकुरी थाना क्षेत्रों में पुलिस ने घेराबंदी कर नक्सलियों को पकड़ा है। पुलिस ने गिरफ्तार नक्सलियों के पास से AK-47 रायफल, एक मैग्जीन और अन्य सामान बरामद किया है। झारखंड पुलिस से सूचना मिली थी कि छत्तीसगढ़ के बलरामपुर और जशपुर क्षेत्र में टुनेश लाकड़ा अपने साथियों के साथ छिपा हुआ है। नक्सलियों की गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर सरगुजा संभाग में नक्सलियों के पनपने की आशंका को बल मिल रहा है।
सरगुजा आईजी ने जशपुर एसपी शशिमोहन सिंह और बलरामपुर एसपी डॉ.लाल उम्मेद सिंह को तत्काल टीम का गठन कर संयुक्त आपरेशन चलाने का निर्देश दिया। संयुक्त टीम का नेतृत्व एसडीओपी विनोद मंडावी, उप निरीक्षक सुभाष कुजूर ने किया। टीम द्वारा जशपुर जिले के ग्राम करमा थाना नारायणपुर और कुनकुरी में दबिश देकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके कब्जे से 1 नग एके-47, 1 नग मैग्जीन जिंदा राउण्ड 90, चापड़ 1 नग, नक्सली ड्रेस सहित दैनिक उपयोगी की सामग्री जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार नक्सलियों से पूछताछ की गई तब उन्होंने अपने अन्य साथियों के बारे में जानकारी दी। पुलिस जवानों ने कुनकुरी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर जेजेएमपी के सरगना टुनेश लाकड़ा उर्फ रवि और तब्सुम अहमद को गिरफ्तार किया। नक्सली टुनेश लाकड़ा उर्फ रवि झारखंड के गढ़वा और छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के सीमावर्ती इलाकों में सक्रिय रहा है। वह माओवादी संगठन का एरिया कमांडर भी है। उसके खिलाफ बलरामपुर में 13 प्रकरण और झारखंड में 18 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अफसरों ने बताया कि क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन जारी है।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार नक्सली
- टुनेश लकड़ा उर्फ रवि उम्र 36 साल निवासी लम्बो थाना मंडरिया चौकी बरगढ़ (झारखंड)
- रंजीत कुमार महतो उम्र 29 साल निवासी गरमुर्गी थाना विष्णुगढ़ जिला हजारीबाग (झारखंड)
- हेरमन कुमार गन्नुम निवासी टिकैतबंध थाना मुण्डा चतरा (झारखंड)
- राम लकड़ा उम्र 45 साल निवासी गढ़िया थाना भण्डरिया (झारखंड)
- तब्सुम अहमद उम्र 27 साल निवासी नेवरी थाना पाण्डू जिला पलामू (झारखंड)
- गुलाम शहजादा उम्र 21 साल निवासी बनडेगा जिला सुन्दरगढ़ (ओडिशा) वर्तमान निवास-ग्राम जोकबहला थाना नारायणपुर