27.6 C
Raipur
Wednesday, July 23, 2025

बेटे के लिए कांग्रेसियों संग सड़क पर उतरे पूर्व CM भूपेश बघेल, ED के खिलाफ हल्लाबोल, चक्काजाम… BJP ने कही यह बात…


RAIPUR. न्यूजअप इंडिया.कॉम
प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल पर की गई कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने राज्य के 33 जिलों में प्रदर्शन किया। रायपुर में भूपेश बघेल ने तेलीबांधा के पास नेशनल हाईवे में चक्काजाम किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरसींवा के NH-30 पर दो घंटे तक चक्का जाम किया। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान रायपुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। भिलाई, दुर्ग और राजनांदगांव में मुंबई-कोलकाता हाईवे जाम किया गया। रायपुर के अलावा धमतरी, बेमेतरा, बालोद, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद आदि जिलों में ईडी की कार्रवाई और भाजपा के खिलाफ कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। इधर कांग्रेसियों के इस प्रदर्शन पर भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने कटाक्ष किया।

यातायात बाधित, एम्बुलेंस फंसी, यात्री बेहाल
कांग्रेस के इस चक्काजाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शन के दौरान कई एम्बुलेंस भी ट्रैफिक में फंस गईं, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा। यात्री बसों में बैठे लोग और निजी वाहनों से यात्रा कर रहे राहगीर भी इस चक्काजाम से बड़ी परेशानी में दिखे। यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई और उन्हें भीषण उमस व गर्मी में इंतजार करना पड़ा। कई लोग इसे लेकर कांग्रेस को कोसते भी नजर आए।

BJP की अनुषांगिक संगठन बन गई ED
प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों ने ED पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के “अनुषांगिक संगठन” के रूप में काम करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं के खिलाफ ED के पास कोई ठोस सबूत नहीं है और यह कार्रवाई केवल उन्हें परेशान करने के उद्देश्य से की जा रही है। “ED, CBI, अडानी भगाओ, राज्य बचाओ” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।

भाजपा बौखला गई, कांग्रेस डरने वाली नहीं
PCC चीफ दीपक बैज ने कहा कि “यह ED की कार्रवाई नहीं है, यह भाजपा की बौखलाहट है। भाजपा जानती है कि वह लोकतांत्रिक तरीके से कांग्रेस का मुकाबला नहीं कर सकती, इसलिए वह ED और CBI जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उनके परिवार, विशेषकर उनके पुत्र चैतन्य बघेल को जानबूझकर और राजनीतिक विद्वेष के चलते निशाना बनाया जा रहा है। उनके खिलाफ एक भी पुख्ता सबूत नहीं है। बैज ने कहा कांग्रेस ऐसी दमनकारी कार्रवाई से डरने वाली नहीं है। यह लोकतंत्र पर हमला है, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। कांग्रेस हर मोर्चे पर भाजपा और उसकी कठपुतली एजेंसियों का मुकाबला करेगी।”

कांग्रेस बौखलाकर प्रदर्शन की कर रही
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी चक्काजाम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा हमला बोला है। धरसींवा विधायक पद्मश्री अनुज शर्मा ने कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन की मंशा पर सवाल उठाए हैं। पद्मश्री अनुज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के छह बार के आदिवासी विधायक कवासी लखमा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस चुप क्यों रही। अब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी के बाद कांग्रेस बौखलाकर प्रदर्शन की कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) एक स्वतंत्र एजेंसी है जो अपना काम कर रही है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here