25.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

कुम्हारी में कर्मचारियों से भरी बस खाई में गिरी, 12 लोगों की मौत, 15 लोग घायल, मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख मुआवजा देगी कंपनी

भिलाई. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले में मंगलवार रात कर्मचारियों से भरी बस 50 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 12 कर्मचारियों की मौत हो गई, जबकि 15 लोग घायल हैं। इनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने पर कुम्हारी पुलिस मौके पर पहुंची। जिला प्रशासन के अफसर भी पहुंच गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर एम्स रेफर किया गया है। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई थी। सीएम साय ने घायल सभी लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मुहैय्या कराने के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक, हादसा कुम्हारी में खपरी रोड पर मुरुम खदान के पास हुआ है। केडिया डिस्टलरी के कर्मचारी प्लांट से बस में सवार होकर घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ है। ड्राइवर का बस पर नियंत्रण नहीं रहा और बस सीधे खाई में गिर गई। बस में 40 से ज्यादा लोग सवार बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को रायपुर एम्स और मेकाहारा में भर्ती कराया गया है। मृतकों में महिलाएं भी शामिल हैं। दुर्ग कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने 12 लोगों की मौत होने की पुष्टि की है।

बता दें कि कुम्हारी बस्ती से होकर केडिया डिस्टलरी के लिए रास्ता गया हुआ है। कुम्हारी के स्वास्थ्य केंद्र के आगे एक सड़क गई है, जिसमें दोनों तरफ गहरी खाई है और बीच से रास्ता है। सड़क पर कोई संकेतक भी नहीं है। नजर हटी और दुर्घटना घटी जैसी स्थिति है। रोज की तरह बस कर्मचारियों को वापस लेकर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ है। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई, वहीं 15 लोग घायल हुए हैं। कुछ कर्मचारियों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। कंपनी प्रबंधन द्वारा मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी की बात कही गई है। वहीं घायलों के इलाज का पूरा खर्च कंपनी उठाएगी।

हादसे में जान गंवाने वाले कर्मचारी

  • कौशल्या बाई
  • राजू राम ठाकुर
  • त्रिभुवन पांडे
  • मनोज ध्रुव
  • मिकू भाई पटेल
  • कृष्णा कुमार
  • रामबिहारी यादव
  • परमानंद तिवारी
  • पुष्पादेवी पटेल
  • शांतिबाई देवांगन
  • अमित सिन्हा
  • कमलेश देशलहरे

सीएम विष्णुदेव साय ने जताया शोक
सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया X पर लिखा- दुर्ग के कुम्हारी के पास निजी कंपनी के कर्मचारियों से भरी बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस दुर्घटना में 11 कर्मचारियों के निधन का समाचार प्राप्त हो रहा है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति एवं शोकसंतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूँ। दुर्घटना में घायल कर्मचारियों के इलाज का समुचित प्रबंध किया गया है। मैं उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।’

घायलों को उचित इलाज मिलेः भूपेश बघेल
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘कुम्हारी में कर्मचारियों से भरी एक बस खदान में गिर गई। इसमें 46 लोग सवार थे। सूचना मिली है कि कई लोगों की‌ जानें गई हैं और कई गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों के परिजनों के प्रति मैं गहन संवेदना व्यक्त करता हूं। मैंने जिला प्रशासन से घायलों के समुचित इलाज का प्रबंध करने का अनुरोध किया है।’

.

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here