17.1 C
Raipur
Monday, January 13, 2025

अहिवारा विधानसभा में कुछ बड़ा होने के मिलने लगे संकेत, भाजपा-कांग्रेस को स्थानीय और युवा चेहरे की तलाश

भिलाई.न्यूजअप इंडिया
दुर्ग जिले का अहिवारा विधानसभा इन दिनों चर्चा में है। चर्चा इसलिए भी कि इस विधानसभा में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का निवास है। लिहाजा कांग्रेस इस सीट पर हर हाल में जीत चाहेगी, वहीं भाजपा फिर से इस खोई हुई सीट को वापस पाने के लिए पूरी ताकत लगाएगी, लेकिन सारा गणित टिकट पर आकर अटक जाता है। परिसीमन के बाद से पैराशूट प्रत्याशी को लेकर जनता और पार्टी नेताओं की नाराजगी भी खुलकर सामने आती रही है। इस बार भी पैराशूट प्रत्याशी थोपा गया तो दोनों पार्टी में नाराजगी बढ़ सकती है।

इस बार कांग्रेस से पीएचई मंत्री तथा वर्तमान विधायक गुरु रूद्र कुमार, भिलाई चरोदा निगम के महापौर निर्मल कोसरे, 2013 के छाया विधायक अशोक डोंगरे, 2008 के छाया विधायक ओनी महिलांग दावेदार है। निर्मल कोसरे, अशोक डोंगरे तथा ओनी महिलांग तीनों विधानसभा क्षेत्र के ही निवासी है। मंत्री गुरू रूद्र कुमार की इस सीट से चुनाव लड़ने की रुचि कम होती दिख रही है। गुरु रूद्र को किसी और सीट की तलाश की चर्चा लगातार राजनीतिक गलियारों में होती रही है। कांग्रेस की वायरल सूची में भी उनका नाम नवागढ़ से दिखाया जा रहा है।

भारतीय जनता पार्टी की सूची सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद यहां भी अब स्थानीय प्रत्याशी की मांग उठने लगी है। दबे जुबान से भाजपा कार्यकर्ता पैराशुट प्रत्याशी का विरोध कर रहे हैं। अधिकृत सूची आने के बाद हो सकता है विरोध खुलकर आ जाए। अब तक हुए तीन चुनाव में अहिवारा सीट से जो भी विधायक बना वे सब दूसरे विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। 2008 में भाजपा के डोमनलाल कोर्सेवाड़ा प्रथम विधायक बने, 2013 में भाजपा के सांवलाराम डाहरे विधायक बने और तीसरी बार कांग्रेस के गुरु रूद्र कुमार ने बाजी पलटी। तीनों ही विधायक स्थानीय निवासी नहीं हैं।

गुरु रूद्र कांग्रेस को यहां से जीत दिलाकर विधायक और फिर मंत्री बनें। इस बार भाजपा की वायरल सूची में पूर्व विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा, सांवलाराम डाहरे का नाम सामने आया। पूर्व आईएसएफ केके खेलवार, पदमश्री उषा बारले, राधेश्याम बारले का भी नाम चल रहा है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग है कि अहिवारा से अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले को ही प्रत्याशी बनाया जाए। प्रबल दावेदारों में सुधाकर बारले, अग्रलाल जोशी, संतोष मार्कंडेय को माना जा रहा है। सुधाकर बारले संघ से भी जुड़े हुए हैं। बहरहाल, प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कई और नाम सामने आएंगे।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here