नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने रविवार को अपनी नई कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की घोषणा कर दी है, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और राहुल गांधी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हैं। राजस्थान के प्रमुख नेता सचिन पायलट के साथ शशि थरूर को भी एंट्री मिली है। छत्तीसगढ़ से गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू को शामिल किया गया है। सांसद फूलो देवी नेताम को पर्मानेंट इनवाइटिस में जगह दी गई है। कई राज्यों में चुनाव होना है। ऐसे में नई टीम ऐलान कांग्रेस के लिए कई मायनों में खास है।
पार्टी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी पत्र में कांग्रेस कार्य समिति में 39 सदस्य, 32 स्थायी आमंत्रित सदस्य और 9 विशेष आमंत्रित सदस्य शामिल किए गए हैं। 2024 के आम चुनाव से पहले मल्लिकार्जुन खरगे की नई टीम के ऐलान ने विधानसभा चुनाव वाले राज्यों छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और राजस्थान के लिए भी अहम है। कांग्रेस की नई कार्यसमिति में उन नेताओं को भी जगह मिली है, जो कभी कांग्रेस से नाराज थे। इन लोगों ने जी-23 गुट बना लिया था। कांग्रेस की इस नई वर्किंग कमेटी का काफी दिनों से इंतजार किया जा रहा था।
कांग्रेस में फैसले लेने वाली सबसे बड़ी कमेटी
बता दें कि कांग्रेस में फैसले लेने वाली यह सबसे बड़ी कमेटी है। कमेटी के ऐलान से पहले अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के साथ कई दौर की बैठकें की थीं। नए नामों में सचिन पायलट, शशि थरूर, अशोक चव्हाण, दीपक बावरिया हैं। कांग्रेस के चारों अग्रिम संगठनों-युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस और सेवा दल के प्रमुख सीडब्ल्यूसी में पदेन सदस्य होंगे। मल्लिकार्जुन खरगे ने पिछले साल अक्टूबर में निर्वाचन के बाद पदभार संभाला था। इसके करीब 10 महीने बाद उन्होंने कार्य समिति गठित की है। प्रियंका गांधी वाड्रा, एके एंटनी, मीरा कुमार, दिग्विजय सिंह, पी चिदंबरम, आनंद शर्मा, शशि थरूर और कुछ अन्य वरिष्ठ नेता सीडब्ल्यूसी में शामिल किए गए हैं।