26.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

लोकसभा चुनाव में प्रचार का अनोखा तरीका, वोटरों को साधने कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा ने बाजार में लड़वाया मुर्गा

जगदलपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के बस्तर लोकसभा सीट पर पहले चरण में चुनाव होना है। भाजपा- कांग्रेस सहित अन्य पार्टियों के प्रत्याशी जनता तक पहुंचकर जनसमर्थन हासिल करने में लगे हैं। प्रत्याशियों को जीत दिलाने स्टार प्रचारकों के साथ स्थानीय नेता रोजाना डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इस बीच बस्तर से कांग्रेस प्रत्याशी कवासी लखमा का एक अनोखा वीडियो वायरल हो रहा है। वह प्रचार के साथ बस्तर के एक बाजार में मुर्गा लड़ाई कराते हुए दिख रहे हैं।

आपको बता दें कि बस्तर के बाजार में मुर्गा लड़ाई किया जाता है। आदिवासियों के बीच यह पसंदीदा और प्रसिद्ध खेल है। रविवार को पुसपाल बाजार पहुंचे कवासी लखमा हाथ में एक लाल मुर्गे को पकड़कर मुर्गा लड़ाई के मैदान में उतरे। बाजार में ग्रामीणों की अच्छी भीड़ थी। कवासी लखमा मुर्गा लड़ाई में मस्त दिखे। दरअसल, यह प्रचार का भी एक तरीका है। लखमा ऐसा कर अपने स्थानीय लोगों से जुड़ गए और उनका जनसंपर्क अभियान भी हो गया।

बेटे के लिए मांगी थी बस्तर सीट से टिकट
कवासी लखमा को कांग्रेस ने बस्तर से लोकसभा प्रत्याशी बनाया है। वह सुकमा जिले के छह बार के विधायक हैं। कवासी लखमा ने अपने बेटे के लिए टिकट मांगी थी, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें ही प्रत्याशी बना दिया। कुछ दिनों पहले उन्होंने इसे लेकर भी बयान दिया था कि बेटे के लिए दुल्हन मांगने गया था और पार्टी ने मुझे ही दूल्हा बना दिया। इसे लेकर सभा में खूब ठहाके लगे थे। अब मुर्गा लड़ाई कराते वीडियो वायरल होने से लखमा फिर सुर्खियों में है।

कवासी का कई बार दिखा निराला अंदाज
कवासी लखमा हमेशा अपने बयानों से सुर्खियों में रहते हैं। कुछ समय पहले बस्तर आये डांसर धर्मेश के साथ जमकर मंच पर थिरके थे। वहीं ग्रामीण इलाकों में घूमने के दौरान एक ग्रामीण के द्वारा पी जा रही बीड़ी को ही बीड़ी से जलाते हुए दिखाई दिए थे। कभी बैगा गुनिया बन अपने आप को कोड़े मारते हैं। कवासी लखमा का विरोधियों पर हमला करने का अनोखा अंदाज रहता है। कवासी लखमा अपने बेबाक बोल के लिए भी काफी चर्चा में रहते हैं।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here