31.1 C
Raipur
Friday, May 23, 2025

दिल्ली से तय हो रहे मध्य प्रदेश के BJP उम्मीदवार, चुनाव से पहले शिवराज सेना के और टूटने के आसार

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों के करीब आने के साथ ही भारतीय जनता पार्टी के भीतर बैचेनी और बढ़ रही है। कुछ विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार घोषित होने के बाद बाकी सीटों के लिए नेताओं की उम्मीदें और प्रयास भी बढ़ गए हैं, लेकिन मामला केंद्रीय नेतृत्व के हाथ में होने से प्रदेश के प्रमुख नेता भी किसी को आश्वस्त नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में कुछ नेताओं ने पार्टी भी छोड़ी है और कुछ दूसरे विकल्पों की तरफ देख भी रहे हैं। दावेदारों की बेचैनी भी बढ़ती जा रही है। कई अपने आकाओं से संपर्क साध रहे हैं, लेकिन जवाब नहीं मिलने से दूसरे रास्ते भी तलाशे जा रहे हैं।

मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी ने सबसे पहले उम्मीदवार घोषित कर सभी राजनीतिक पार्टियों को चौका दिया, लेकिन इससे चुनाव अभियान को गति मिलने के साथ अंदरूनी दिक्कतें भी बढ़ी हैं। बाकी बची सीटों को लेकर कयासबाजी शुरू होने के साथ दावेदारों में असमंजस है, जिसमें मौजूदा विधायक भी शामिल हैं। दरअसल टिकटों का काम केंद्रीय नेतृत्व द्वारा सीधा संभाल लेने से राज्य के प्रमुख नेताओं ने भी हाथ खड़े करना शुरू कर दिया है। इधर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जन आशीर्वाद यात्रा भी शुरू हो चुकी है। टिकट के दावेदार सीएम तक पहुंचकर मौका दिलाने की गुहार लगाते भी देखे जा रहे हैं।

पहली सूची में 39 उम्मीदवारों के नाम आए
आम तौर पर उम्मीदवार तय करने के लिए पहले राज्य की चुनाव समिति में चर्चा होती है और उसके बाद केंदीय चुनाव समिति फैसला करती है, लेकिन इस बार मध्य प्रदेश के लिए 39 उम्मीदवारों की जो सूची आई है, उसके लिए राज्य चुनाव समिति की बैठक ही नहीं हुई। पार्टी ने हार वाली सीटों पर पहले और नए उम्मीदवार घोषित कर सबको चौका दिया है। कई नए चेहरों को लेकर राजनीति भी हो रही है। राज्य के प्रमुख नेताओं से चर्चा के बाद केंद्रीय चुनाव समिति ने पहली सूची जारी कर दी। इसके बाद अभी यह असमंजस भी है कि राज्य चुनाव समिति बनेगी भी या नहीं।

अंदरुनी गुटबाजी भी उभकर सामने आ रही
राजनीतिक सूत्रों के अनुसार राज्य के प्रमुख नेताओं ने भी दावेदारों से साफ कर दिया है कि बहुत सारी चीजें केंद्रीय नेतृत्व के स्तर पर तय हो रही है। ऐसे में प्रदेश के तमाम नेता राज्य के लिए तय केंद्रीय चुनाव प्रभारियों तक पहुंच बनाने में जुटे हैं। हालांकि वहां से कोई सीधा जवाब या आश्वासन नहीं मिल रहा है। ऊहापोह में राज्य में पहले से चल रही अंदरूनी गुटबाजी भी उभर आई है। ऐसे में कई बड़े नेताओं ने अपनी नाराजगी भी जतानी शुरू कर दी है।

दूसरी राजनीतिक पार्टियों के संपर्क में नेता
राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कैलाश जोशी के बेटे पूर्व मंत्री दीपक जोशी पहले ही कांग्रेस में जा चुके थे। वरिष्ठ नेता भंवर सिंह शेखावत व विधायक वीरेंद्र रघुवंशी ने भी कांग्रेस का दामन थाम लिया है। पूर्व मंत्री नारायण कुशवाहा व अनूप मिश्रा उहापोह की स्थिति में हैं। अन्य कई नेता भी अगली सूची का इंतजार कर रहे हैं। अक्सर विवादों में रहने वाले नारायण त्रिपाठी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान व कांग्रेस नेता कमलनाथ का एक साथ एक ही पोस्टर में आभार जताने का मामला भी चर्चा में है। राज्य में हो रही भाजपा की जन आशीर्वाद यात्राओं को लेकर भी नाराजगी सामने आई है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती व पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी अपनी उपेक्षा पर नाराजगी जताई है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here