27.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

‘जैसे दुनिया से डायनासोर लुप्त हो गया, वैसे ही कांग्रेस पार्टी देश से लुप्त हो जाएगी’, राजनाथ सिंह ने क्यों कहा ऐसा…

रायपुर/गीदम. न्यूजअप इंडिया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी पूरी तरह से परास्त होगी। यहां की जनता ने कांग्रेस पार्टी को समय दिया था 5 वर्षों का, लेकिन कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के लिए कोई काम नहीं किया। हर छत्तीसगढ़िया की आवाज है- फिर एक बार, मोदी सरकार…। राजनाथ सिंह ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी की हालत देश में ऐसी हो गई है, जैसे देश और दुनिया से डायनासोर लुप्त हो गया। वैसे ही कांग्रेस पार्टी देश से लुप्त हो जाएगी। कांग्रेस की हालत बिग बॉस शो की तरह हो गई है। कांग्रेस आज बिग बॉस का घर बन गई है। कांग्रेस में सब एक-दूसरे के कपड़े फाड़ रहे हैं। हजारों की संख्या में कांग्रेस पार्टी छोड़कर लोग भाजपा में आ रहे हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को बस्तर लोकसभा क्षेत्र में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी महेश कश्यप के लिए समर्थन मांगने दंतेवाड़ा जिले के गीदम में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जब-जब कांग्रेस की सरकार सत्ता में आई है, भ्रष्टाचार तेजी से बढ़ा है। कांग्रेस की सरकार जहां आती है वहां घोटाले की बाढ़ आ जाती है। छत्तीसगढ़ की जनता ने भी अपनी आंखों से देख लिया। छत्तीसगढ़ में एक बार कांग्रेस की सरकार बनी, घोटालों की भरमार हो गई। यहां गौठान घोटाला, गोबर घोटाला तक हो गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का विकास कितनी तेजी के साथ होता है, यह आगे आप सब देखेंगे।

राजनाथ ने पुराने दिनों को किया याद
राजनाथ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य जब बना था और पहली बार जब यहां विधानसभा चुनाव हुआ, उस समय पार्टी का प्रभारी बनकर मैं यहां आया था। उस समय हालात कुछ ऐसे थे कि लोग कहते थे कि यहां भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। यहां कांग्रेस की सरकार ही फिर बनेगी, लेकिन हालात बदलते चले गए। छत्तीसगढ़ की जनता ने समझना प्रारंभ किया कि छत्तीसगढ़ का भाग्य कोई संवार सकता है तो वह भाजपा ही है। भाजपा ने स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाई। 20 वर्षों का समय बीत चुका है। 20 वर्षों में 15 वर्षों तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार रही फिर कांग्रेस की सरकार ने यहाँ 5 वर्षों में क्या-क्या किया, किसी को बताने की जरूरत नहीं है।

इंडी गठबंधन आंखों में धूल झोंक रही
राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस के गठबंधन में से एक आरजेडी पार्टी है। बिहार के नेता ने आकर कह दिया कि हमारे प्रधानमंत्री होंगे तो वह श्री मोदी को जेल भेजेंगे। जिनके अपने नेता ही जेल में हैं, वे प्रधानमंत्री मोदी को जेल में डालने की बात कर रहे हैं! इंडी गठबंधन जानता है कि उसकी सरकार बनने वाली नहीं है। केवल जनता की आँखों में धूल झोंककर जनता का समर्थन हासिल करने की कोशिश विपक्ष के नेता कर रहे हैं। भाजपा कभी भी जनता में जनता की आँखों में धूल झोंककर नहीं, बल्कि जनता की आँखों में आँखें डालकर उनका विश्वास अर्जित करती है।

कांग्रेस की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप
राजनाथ सिंह ने कहा कि जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है, तब-तब हर सरकार के ऊपर कोई-न-कोई भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं, लेकिन केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर आज तक भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है। प्रधानमंत्री मोदी ईमानदारी से देश की सेवा कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी ने मजबूरियां बताई थी कि हम दिल्ली से 100 पैसा भेजते हैं और उसमें से 15 पैसे ही लोगों को मिल पाता है, बाकी पैसा भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ जाता है। इसको चुनौती के रूप में मोदी ने स्वीकार किया और ऐसी व्यवस्था बनाई कि आज दिल्ली से 100 पैसा चलता है तो पूरा 100 का पैसा जनता की जेब में पहुंचता है। भ्रष्टाचार को भाषण देकर समाप्त नहीं किया जा सकता है। इस आजाद भारत में गरीबों के परिवारों की किसी ने चिंता की है तो प्रधानमंत्री मोदी ने की है।

पीएम मोदी के प्रति बढ़ा विश्वासः किरण देव
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने कहा पिछले 5 वर्षों में कांग्रेस की सरकार छत्तीसगढ़ के लोगों को लूटती रही और भ्रष्टाचार करती रही। इन 5 साल के बाद प्रदेश की जनता ने मोदी की गारंटी पर भरोसा करते हुए प्रदेश से कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंका है। उन्होंने कहा कि जबसे लोकसभा चुनाव की घोषणा हुई है, तबसे हम लगातार पूरे छत्तीसगढ़ में लोगों के बीच में जा रहे हैं। हर जगह कार्यकर्ताओं के साथ-साथ मतदाताओं में भी भारी उत्साह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सबका विश्वास बढ़ा है। छत्तीसगढ़ में मोदी की गारंटी लगातार पूरी हो रही है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here