रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने के बाद अब सबको नतीजों का इंतजार है। चुनाव के बाद सत्तारूढ़ कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के नेता अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। कांग्रेस 75 प्लस तो भाजपा 48 से 54 सीटों का दावा कर रही है। इस बीच मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस और भाजपा के नेताओं में बयान भी सामने आ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि बीजेपी में किसी भी कार्यकर्ता को जिम्मेदारी मिलेगी, वह मुख्यमंत्री बनेगा। उन्होंने झीरम घाटी हमले पर भी भूपेश बघेल सरकार पर पलटवार किया।
नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने मीडिया से चर्चा में कहा, चुनाव में जनता ने अपने संवैधानिक अधिकार का उपयोग किया। प्रदेश की जनता का आशीर्वाद भाजपा को प्राप्त होगा। स्पष्ट बहुमत के साथ बीजेपी की सरकार बनेगी। चुनाव में खास तौर पर भाजपा को माता और बहनों का विशेष समर्थन मिला। भारतीय जनता पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने कहा कि विधायक दल के साथ संगठन तय करेगा कि कौन मुख्यमंत्री कौन बनेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के सीटों को लेकर किए गए दावे और सीएम भूपेश बघेल के तंज पर नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा, 3 दिसंबर को मतगणना में बीजेपी का कमल खिलेगा। हमारा विश्वास बहुमत के लायक सीट है। झीरम कांड पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर नारायण चंदेल ने चुटकी लेते हुए कहा कि मुख्यमंत्री पांच साल से कह रहे थे कि सबूत मेरी कुर्ते की जेब में है। अब शायद कुर्ता का जेब सिलवा लिए होंगे, इसलिए नहीं निकाले। झीरम का आरोपी उनके मंत्रिमंडल में था। मोटरसाइकिल में भागने वाले की जांच क्यों नहीं करवाते। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा।