27.1 C
Raipur
Saturday, July 27, 2024

छत्तीसगढ़-मध्य प्रदेश के लिए BJP ने जारी की प्रत्याशियों की पहली सूची, कौन कहां से लड़ रहा चुनाव देखिये…

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनावों की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा ने गुरुवार को उम्मीदवारों की पहली सूची का भी ऐलान कर दिया। इस लिस्ट के तहत मध्य प्रदेश में 39 उम्मीदवार और छत्तीसगढ़ के 21 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की गई है। भाजपा ने मध्य प्रदेश में जिन 39 उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है, उनमें से 3 महिलाएं हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के लिए जारी सूची में 5 महिलाओं को टिकट दिया गया है।

मध्य प्रदेश के लिए भाजपा ने सतना जिले की चित्रकूट सीट से सुरेंद्र सिंह गहरवार का नाम घोषित किया गया है। छतरपुर सीट से ललिता यादव को भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है। सुमावली से अदल सिंह कंसाना और पिछोर से प्रीतम सिंह लोधी को मौका मिला है। प्रीतम सिंह लोधी को वरिष्ठ नेत्री व मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का करीबी माना जाता है। गोहद सुरक्षित सीट से लाल सिंह आर्य चुनाव लड़ेंगे। वह भाजपा के अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष भी हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश धुर्वे को शाहपुरा और चाचौड़ा से प्रियंका मीणा को उम्मीदवार बनाया गया है।

छत्तीसगढ़ में सीएम भूपेश के खिलाफ लड़ेंगे विजय
छत्तीसगढ़ की बात करें तो वहां भाजपा ने 21 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिसमें सबसे हाईप्रोफाइल सीट पाटन भी शामिल है। यहां मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के खिलाफ उनके भतीजे दुर्ग सांसद विजय बघेल को उम्मीदवार बनाया गया है। विजय बघेल पहले भी पाटन विधानसभा से भूपेश बघेल को हराकर विधायक रह चुके हैं। वहीं भाजपा ने 21 लोगों की सूची में 5 महिला उम्मीदवार को भी मौका दिया है। यहां आदिवासी सुरक्षित सीट बस्तर से मनीराम कश्यप को भाजपा ने टिकट दिया है। सुरक्षित सीट मोहला मानपुर से संजीव साहा को मौका मिला है। अभनपुर से इंद्रकुमार साहू, खैरागढ़ से विक्रांत सिंह, कांकेर से आशाराम नेता को प्रत्याशी बनाया गया है। रामानुजगंज से पूर्व राज्यसभा सांसद और पूर्व मंत्री रामविचार नेताम को मौका मिला है और प्रतापपुर से शकुंतला सिंह पोर्ते उम्मीदवार बनाई गई हैं। प्रेमनगर से भूलन सिंह मरावी कैंडिडेट घोषित हुए हैं। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के नाम का ऐलान अभी नहीं हुआ है।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here