रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर घमाशान के बीच धमतरी जिले के कुरूद विधानसभा क्षेत्र में एक भाजपा नेता की हत्या की खबर है। कुरुद विधानसभा क्षेत्र भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का क्षेत्र है। इस बार भी यहां भाजपा की टिकट पर अजय चंद्राकर चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा को जीत दिलाने क्षेत्र के कार्यकर्ता चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। इस बीच रविवार की सुबह हत्या की खबर ने राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। हत्या के बाद कुरूद थाना के बाहर भाजपाइयों ने जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस इसे पारिवारिक विवाद बता रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को धमतरी के मरौद गांव में एक भाजपा नेता की हत्या कर दी गई है। रविवार की सुबह रॉड और लाठी से लैस 8 से 10 लोगों ने भाजपा नेता चंद्रशेखर गिरी गोस्वामी के घर में घुसकर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी पर भी लाठी डंडे बरसाए। घायल पति-पत्नी को धमतरी डीसीएच हॉस्पिटल के लिए रेफर किया गया, लेकिन चंद्रशेखर गिरी गोस्वामी की अस्पताल पहुंचने से पहले रास्ते में ही मौत हो गई। मृतक की घायल पत्नी अर्चना गोस्वामी का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस के बड़े अधिकारी कुरूद थाना पहुंचकर जांच कर रहे हैं।
विधायक ने कहा- एसपी और थानेदारों को हटाया जाए
विधायक अजय चंद्राकर ने सोशल मीडिया X पर लिखा- ‘मेरे विधानसभा क्षेत्र कुरुद जिला धमतरी के भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता चंद्रशेखर गिरी की आज जघन्य हत्या कर दी गई। इसके पहले भी उनके ऊपर प्राण घातक हमला हुआ था पर पुलिस ने उन हमलावरों को आज तक गिरफ्तार नही किया था… अरारी-फरारी दिखाती रही…। आगे चुनाव में पुलिस के संरक्षण में और भी हत्या हो सकती है…। निष्पक्ष चुनाव के लिए SP, SDOP और कुरुद विधानसभा के सभी थानेदारों को हटाया जाए और सभी बूथ को अति संवेदनशील घोषित किया जाए।’
पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगा रही महिला
हत्या की खबर के बाद पुलिस विभाग के बड़े अधिकारी कुरूद थाना पहुंचे हैं। थाना स्टाफ से पूरे मामले की जानकारी ली जा रही है। वहीं मृतक की घायल पत्नी अर्चना गोस्वामी ने पुलिस पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। एफआईआर के नाम पर बार-बार पैसे मांगना। शिकायत करने पर उचित कार्रवाई नहीं करना। पैसे नहीं देने पर एफआईआर नहीं लिखने तक की बात कही गई है। वहीं पुलिस इस हत्या की वजह से पारिवारिक विवाद बता रही है। पारिवारिक विवाद के चलते मृतक का उसके भाइयों से पहले भी झगड़ा हो चुका था। पुलिस मामले की जांच कर रही आरोपी जल्द गिरफ्तार होंगे।