25.1 C
Raipur
Tuesday, February 11, 2025

विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा जिला उपाध्यक्ष की हत्या, प्रचार से लौटते वक्त नक्सलियों ने मारी गोली, डॉ. रमन बोले- यह टार्गेट किलिंग

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पहले चरण के चुनाव से पहले माओवादियों ने नारायणपुर में एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी है। माओवादियों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे को कौशलनार में मौत के घाट उतारा है। वह चुनाव प्रचार करने गए थे, तभी नक्सलियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत है। इधर बस्तर रेंज IG सुंदरराज पी. ने कहा, भाजपा नेता रतन दुबे की हत्या कर दी गई है। एक टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है और जांच के बाद इस संबंध में कुछ भी स्पष्ट होगा।

मिली जानकारी के मुताबिक नारायणपुर के भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे की कौशलनार के पास नक्सलियों ने हत्या की है। माओवादियों ने उन्हें गोली मारी है। रतन दुबे भाजपा जिला उपाध्यक्ष के साथ माल वाहन परिवहन संघ के जिला अध्यक्ष भी थे। बताया जा रहा है कि दुबे कौशलनार बाजार में भाजपा का प्रचार करने गए थे और वहां से लौट रहे थे, तभी नक्सलियों ने उन्हें अपना निशाना बनाया। रतन को जिला पंचायत सदस्य भी होना बताया जा रहा है।

बता दें कि 7 नवंबर को नारायणपुर समेत 20 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। इससे पहले भाजपा नेता की हत्या सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। अभी कुछ दिनों पूर्व मानपुर-मोहला इलाके में भी भाजपा नेता की हत्या माओवादियों द्वारा की गई थी। नक्सल क्षेत्रों में भाजपा के नेताओं की हत्या पर काफी बवाल मचा था। भाजपा के लोग इसे टार्गेट किलिंग करार दे रहे हैं। भाजपा नेताओं ने स्थानीय नेताओं को सुरक्षा देने की मांग भी आयोग से की है।

टारगेट किलिंग करवाने वाली कांग्रेसः डॉ. रमन
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि नारायणपुर में भाजपा जिला उपाध्यक्ष और कौशलनार क्षेत्र से जनपद सदस्य रतन दुबे की हत्या का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति तथा शोकाकुल परिजनों को धैर्य व संबल प्रदान करने की प्रार्थना करता हूं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव को प्रभावित करने और भाजपा को डराने के उद्देश्य से लगातार हमारे साथियों की टारगेट किलिंग करवाने वाली कांग्रेस यह समझ ले कि भाजपा डरने वाली नहीं है। छत्तीसगढ़ की जनता हमारे साथ है। बहुत जल्द नक्सलियों के साथ ही हर अपराधी को उल्टा लटकाकर हिसाब लिया जाएगा।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here