26.3 C
Raipur
Sunday, September 8, 2024

‘तीन दिसंबर को छत्तीसगढ़ कांग्रेस के कुशासन से मुक्त होगा’, अरुण साव बोले- भाजपा के पक्ष में जनादेश, और क्या कहा पढ़िये…

रायपुर. न्यूजअप इंडिया
छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सांसद अरुण साव ने मंगलवार को भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में राज्य के सभी मतदाताओं विशेष तौर पर भारी उत्साह के साथ जबर्दस्त मतदान के लिए महिलाओं, किसानों, युवाओं, मजदूरों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा, स्पष्ट बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बन रही है। छत्तीसगढ़ की जनता ने विकास, सुशासन, लोक कल्याण के लिए भाजपा के पक्ष में जनादेश दिया है। छत्तीसगढ़ की जनता भ्रष्टाचार से मुक्ति पाने आतुर है और उसने कांग्रेस की भ्रष्टतम सरकार के खिलाफ अपना फैसला सुरक्षित कर दिया है।

अरुण साव ने कहा, 3 दिसंबर को आने वाला परिणाम हमारे विश्वास की पुष्टि कर देगा। भाजपा व्यवस्था परिवर्तन के लिए, राज्य के विकास के लिए दिए गए आशीर्वाद के लिए जनता जनार्दन की हृदय से आभारी है। साव ने कहा, चुनाव के दौरान कांग्रेस और उसके एजेंट के तौर पर काम करने वाले प्रशासन के उन अधिकारियों की भी आभारी है, जिन्होंने महतारी वंदन योजना का विरोध किया। राज्य की महिलाओं के हित की योजना को महिलाओं तक पहुंचने में बाधक बने। भाजपा के कार्यकर्ता तमाम बाधाएं पार करते हुए हर घर तक पहुंचे। प्रदेश में सरकार बनते ही महतारी वंदन योजना शुरू हो जाएगी और सभी विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की निधि उन्हें ससम्मान मिलने लगेगी।

18 लाख परिवारों को मकान देगी BJP
अरुण साव ने कहा कि हमने सरकार बनते ही सभी आवासहीन 18 लाख परिवारों को पक्का मकान देने की मोदी गारंटी दी है। कैबिनेट की पहली बैठक में ही इसके लिए राशि जारी कर दी जाएगी। हमने युवाओं को न्याय दिलाने और पीएससी घोटाला करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने का वचन दिया है, वह सरकार बनते ही पूरा किया जाएगा।

किसानों को दो साल का बोनस मिलेगा
अरुण साव ने कहा, हमने किसानों को दो साल का बकाया बोनस एकमुश्त देने की मोदी गारंटी दी है। 25 दिसंबर को यह राशि किसानों के खाते में पहुंच जाएगी। हम 3100 रुपये क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीद करेंगे। 3 दिसंबर को किसानों का मान बढ़ाने भाजपा सरकार बनने का किसान इंतजार कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता के हर वर्ग के लोग भाजपा के विजय संकल्प के साथ परिवर्तन के रथ पर सवार हुए हैं।

अत्याचार का मुकाबला करते हुए आगे बढ़े
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष अरुण साव ने कहा कि दिसंबर का महीना छत्तीसगढ़ में विकास की तेज गति से आगे बढ़ने और लोक कल्याण की योजनाओं के आरंभ का ऐतिहासिक माह होगा। छत्तीसगढ़ 3 दिसंबर को कांग्रेस रूपी ग्रहण से मुक्त होगा। 5 साल से अवरुद्ध छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा इसी तारीख से आरंभ हो जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता हर अत्याचार का मुकाबला करते हुए आगे बढ़े। जनता के आशीर्वाद और हमारे कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम का सुफल भाजपा सरकार आने का स्पष्ट उद्घोष कर रहा है। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता केदार गुप्ता, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, प्रदेश प्रवक्ता अमित साहू मौजूद रहे।

Latest news
Related news

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here